खूंटी , 18 जुलाई । खूंटी प्रखंड के कुंजला गांव में शनिवार को विधायक मद से निर्मित पीसीसी पथ का उद्घाटन विधायक रामसूर्या मुंडा और ग्राम प्रधान लोदो मुंडा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
सड़क निर्माण पूरा होने के बाद ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से इस सड़क के निर्माण की मांग की जा रही थी, जो अब पूरी हो गई है।
ग्रामीणों ने बताया कि पीसीसी सड़क बनने से गांव में आवागमन पहले की तुलना में काफी आसान और सुरक्षित हो गया है। विशेष रूप से बरसात के मौसम में कीचड़ और जलजमाव के कारण होने वाली परेशानियों से अब राहत मिलेगी। इसका लाभ स्कूली बच्चों, किसान, मरीजों सहित अन्य ग्रामीणों को मिलेगा, जिन्हें अब आने-जाने में सुविधा होगी।
मौके पर विधायक रामसूर्या मुंडा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र में विकास कार्यों की गति आगे भी इसी तरह जारी रहेगी।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान लोदो मुंडा, आसिसन पूर्ति, बागा टिडू, सुनील लोहरा, झामुमो के प्रखंड उपसचिव मार्शल बारला, नोटरोथ पूर्ति, सुखराम सरूकद सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थेे।
