हुगली, 16 जुलाई । हुगली जिले के बलागढ़ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत खामारगाछी में गुरुवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ पवित्र रथयात्रा महोत्सव का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर पश्चिम बंगाल सरकार की मंत्री सुमना सरकार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
मंत्री सुमना सरकार ने वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक विधि-विधान के बीच भगवान जगन्नाथ की पूजा-अर्चना कर रथयात्रा का विधिवत उद्घाटन किया। उन्होंने राज्य के सभी लोगों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हुए भगवान जगन्नाथ से आशीर्वाद मांगा।
इस अवसर पर मंत्री ने कहा, “भगवान जगन्नाथ की कृपा से सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का वास हो। रथयात्रा के इस पावन अवसर पर मैं राज्यवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देती हूं।”
रथयात्रा के अवसर पर खामारगाछी में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग रथयात्रा में शामिल हुए। पूरे क्षेत्र में धार्मिक आस्था, सामाजिक सौहार्द और उत्साह का वातावरण बना रहा।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों तथा बड़ी संख्या में भक्तों ने भाग लिया। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी रथयात्रा महोत्सव धार्मिक परंपरा और सामाजिक एकता का संदेश लेकर आयोजित किया गया।
