onkar

मस्कट, 12 जुलाई। खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच ओमान ने अपने क्षेत्र में हुए ड्रोन हमलों को लेकर ईरान के राजदूत मौसा फरेदून को तलब कर कड़ा विरोध दर्ज कराया है। ओमान के विदेश मंत्रालय ने राजदूत को एक औपचारिक विरोध पत्र सौंपते हुए मुसंदम और अल-बातिनाह गवर्नरेट में हुए ड्रोन हमलों पर आपत्ति जताई।

विदेश मंत्रालय ने कहा कि इस तरह की कार्रवाई गैर-जिम्मेदाराना है और इससे क्षेत्रीय सुरक्षा एवं स्थिरता प्रभावित होती है। ओमानी अधिकारियों ने ईरान से अंतरराष्ट्रीय कानून का सम्मान करने तथा अन्य देशों की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का उल्लंघन न करने की अपील की।

इस बीच, ओमान के मैरिटाइम सिक्योरिटी सेंटर ने बताया कि हमले का शिकार हुए मालवाहक जहाज ‘जीएफएस गैलेक्सी’ से 23 नाविकों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। बचाव अभियान के दौरान सभी नाविकों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया, जबकि एक लापता नाविक की तलाश अब भी जारी है।

समुद्री सुरक्षा एजेंसियां लापता नाविक की खोज में जुटी हैं। ओमान ने समुद्री मार्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और क्षेत्र में तनाव कम करने के लिए सभी पक्षों से संयम बरतने की अपील की है।