जब्‍त वाहन 2

जमशेदपुर, 2 जुलाई ।  जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित डीडी (डबल डाउन) बार से जुड़े मामले की जांच के तहत बुधवार को पुलिस ने बार संचालक नीरज सिंह के आवास पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस ने घर और परिसर की गहन तलाशी ली, लेकिन नीरज सिंह मौके पर नहीं मिले। प्रारंभिक जांच में उन्हें फरार बताया गया है, जिसके बाद उनकी तलाश तेज कर दी गई है।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने आवास से दो लग्जरी वाहन एक लैंड रोवर डिफेंडर और एक किआ कार जब्‍त की है , दोनों वाहनों को बिष्टुपुर थाना लाया गया है, जहां उनके दस्तावेजों और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चल रही जांच के क्रम में सभी संभावित साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है और मामले के हर पहलू की गंभीरता से पड़ताल की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, फरार बताए जा रहे नीरज सिंह की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

इधर, छापेमारी के बाद नीरज सिंह की पत्नी संध्या सिंह ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस पूरे परिवार को अनावश्यक रूप से प्रताड़ित कर रही है।