किसान सभा का प्रदर्शन

पलामू, 16 जून । अखिल भारतीय किसान सभा और भारतीय खेत मजदूर यूनियन के बैनर तले मंगलवार को पलामू के हरिहरगंज प्रखंड मुख्यालय पर किसानों और खेत मजदूरों ने धरना-प्रदर्शन किया।  कार्यक्रम की अध्यक्षता अमरिंदर पासवान ने की। धरना में बड़ी संख्या में किसान, मजदूर और ग्रामीण शामिल हुए।

धरना के मुख्य अतिथि अखिल भारतीय किसान सभा के राष्ट्रीय सचिव केडी सिंह ने किसानों की बदहाल स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि किसान देश का मेरुदंड है।

अगर किसान टूट जाएगा तो देश भी टूट जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार को किसानों और खेत मजदूरों की समस्याओं को गंभीरता से लेना चाहिए।

केडी सिंह ने किसानों और खेत मजदूरों के बच्चों के लिए उच्च शिक्षा में आरक्षण की मांग उठाते हुए कहा कि गांव के गरीब परिवारों के बच्चों को भी डॉक्टर, इंजीनियर और अधिकारी बनने का समान अवसर मिलना चाहिए।

इसके अलावा 60 वर्ष से अधिक उम्र के किसानों और कारीगरों को प्रतिमाह 10 हजार पेंशन देने की मांग की।

खेत मजदूर यूनियन के जनेश्वर भुइयां ने कहा कि प्रखंड कार्यालय में व्याप्त भ्रष्टाचार के कारण आम लोगों को योजनाओं का लाभ लेने में भारी परेशानी होती है।

अन्य नेताओं ने मांग की कि ब्लॉक स्तर पर फैले भ्रष्टाचार पर तत्काल रोक लगाई जाए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। किसानों को खेती के लिए समय पर उन्नत बीज, खाद और अन्य कृषि संसाधन उपलब्ध कराने की भी मांग की। महंगे बीज और खाद के कारण किसानों की लागत बढ़ रही है, जबकि उन्हें उनकी फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है।

धरना को प्रसाद भुइयां, संजय यादव, प्रवेश भुइयां और लालू भुइयां ने भी संबोधित किया।