पूर्वी सिंहभूम, 05 जून । पूर्वी सिंहभूम जिले के जुगसलाई थाना क्षेत्र में पुलिस ने हथियार और कारतूस की सप्लाई से जुड़े एक सक्रिय अपराधी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान आजादनगर ओल्ड पुरुलिया रोड निवासी 27 वर्षीय सैयद अदनान मिर्जा के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपित संगठित आपराधिक गिरोहों तक हथियार और गोला-बारूद पहुंचाने का काम करता था तथा किसी बड़ी आपराधिक वारदात की तैयारी में जुटा हुआ था।
शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) सुमित कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर जुगसलाई क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया गया। सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अवैध हथियारों और कारतूसों के साथ इलाके में पहुंचा है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस ने रणनीतिक ढंग से घेराबंदी कर सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार (जेएच-01डीएफ-9259) को रोका और उसकी तलाशी ली।
तलाशी के दौरान आरोपित की निशानदेही पर कार की पिछली सीट के नीचे बनाए गए गुप्त बॉक्स से दो देसी पिस्टलों की मैगजीन और 7.65 एमएम के चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इसके अलावा दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। पुलिस ने वाहन को भी अपने कब्जे में ले लिया है।
पूछताछ में आरोपित ने स्वीकार किया कि वह अपने सहयोगियों के माध्यम से विभिन्न अपराधियों तक हथियार और गोलियां पहुंचाने का काम करता था। पुलिस को आशंका है कि उसका संबंध एक संगठित आपराधिक नेटवर्क से है, जो क्षेत्र में अवैध हथियारों की आपूर्ति करता है। इसी को देखते हुए पुलिस उसके संपर्कों, सहयोगियों और पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रही है।
पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि बरामद कारतूस और मैगजीन कहां से लाई गई थीं तथा इन्हें किन अपराधियों तक पहुंचाया जाना था। साथ ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी की जा रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, सैयद अदनान मिर्जा का आपराधिक इतिहास भी रहा है। वर्ष 2023 में गोलमुरी थाना में उसके खिलाफ हत्या के प्रयास सहित कई गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। इससे यह स्पष्ट होता है कि वह पहले से ही आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है।
पुलिस ने जुगसलाई थाना में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपित को अदालत में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि अवैध हथियारों की आपूर्ति श्रृंखला को ध्वस्त करने और इससे जुड़े अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
इस अभियान में जुगसलाई थाना प्रभारी गुलाम रब्बानी खां, पुलिस अवर निरीक्षक धनंजय कुमार सिंह, सुमित कुमार, राजेश कुमार बिहा, विवेक कुमार पंडित, सहायक अवर निरीक्षक दिलीप कुमार यादव, हवलदार वासुदेव महतो सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
