पलामू, 29 मई । पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र के पाटन सीमा से सटे नगदारा गांव में एक सहायक अध्यापक की गला रेतकर हत्या कर दी गई।
मृतक की पहचान छतरपुर थाना क्षेत्र के चिल्हो खुर्द निवासी 45 वर्षीय उदय सिंह के रूप में हुई है।
वह गांव के स्कूल में सहायक अध्यापक के रूप में कार्यरत थे तथा ग्रामीण डॉक्टर के रूप में भी लोगों का इलाज करते थे। उनके घर के समीप घटना को अंजाम दिया गया। पुलिस अनुसंधान में वारदात में परिचित के शामिल होने की आशंका जताई गई है।
शव का पोस्टमार्टम शुक्रवार सुबह मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में किया गया।
स्थानीय लोगों से जानकारी के अनुसार उदय सिंह को किसी परिचित ने फोन कर घर से बुलाया था। बताया जाता है कि बुलाने वाले व्यक्ति के साथ उन्होंने घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर बैठकर खाने-पीने की पार्टी भी की थी। इसी दौरान उनकी हत्या की साजिश रची गई। बदमाशों ने धारदार हथियार से उनका गला रेतकर हत्या कर दी।रात में काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान नगदारा में पाटन जाने वाले मार्ग पर उनकी मोटरसाइकिल सड़क किनारे खड़ी मिली। आसपास तलाश करने पर उनका शव खून से लथपथ अवस्था में बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलने पर पुलिस रात में ही दल-बल के साथ घटनास्थल पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस को आशंका है कि हत्या में किसी परिचित व्यक्ति का हाथ हो सकता है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं तथा मृतक के मोबाइल कॉल डिटेल सहित अन्य बिंदुओं की जांच की जा रही है।
मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी की सूचना नहीं है। थाना प्रभारी का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा। घटना स्थल छतरपुर मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर है।
