पूर्वी सिंहभूम, 24 मई । बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित कोल्ड स्टोरेज के पास रविवार को एक अधेड़ व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान संतोष उर्फ राजू पगला के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वह बिष्टुपुर इलाके में कूड़ा चुनकर अपना गुजारा करता था और लंबे समय से आसपास के क्षेत्रों में देखा जाता था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार संतोष अचानक सड़क किनारे गिर पड़ा। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे संभालने और उठाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इन दिनों पड़ रही भीषण गर्मी और हीटवेव के कारण उसे लू लगी होगी। यदि इसकी पुष्टि होती है तो जिले में लू से मौत का यह छठा मामला माना जाएगा। हालांकि पुलिस ने अभी मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
