ओंकार समाचार
कोलकाता, 24 मई। मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी की ओर से रविवार 24 मई को दो स्थानों पर निशुल्क नेत्र परीक्षण एवं स्वास्थ्य जांच शिविरों का का आयोजन किया गया। एक शिविर उत्तर 24 परगना के श्यामनगर में तपोशीली आदिवासी संस्था के सहयोग से तथा दूसरा शिविर देगंगा बाजार के चकला क्षेत्र में नवदिशा वैलफेयर ट्रस्ट के सहयोग से आयोजित किया गया।
दोनों शिविरों में लगभग 550 रोगियों के स्वास्थ्य की जांच की गई। शिविर में आए मरीजों की ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर, ईसीजी आदि जांचें निशुल्क की गई। मरीजों को उनकी जरूररत के मुताबिक दवाओं का वितरण निशुल्क किया गया।
नेत्र परीक्षण के दौरान 180 मरीजों को चश्मे की आवश्यकता पाई गई, जबकि 40 मरीज मोतियाबिंद से पीड़ित मिले। मोतियाबिंद से प्रभावित मरीजों के ऑपरेशन कोलकाता स्थित मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी अस्पताल में निशुल्क किए जाएंगे।
कैंप कोऑर्डिनेटर अजय दिवाकर ने बताया कि मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी के मानद प्रधान सचिव प्रह्लाद रॉय गोयनका की प्रेरणा से आयोजित इस शिविर को सफल बनाने में डॉ. दिनेश सिंह, डॉ. मलय दास, डॉ. अनिर्बान धर, डॉ. शमीमा खातून और डॉ. कबीर अहमद का योगदान सराहनीय रहा।
मेडिक्लेम बीमा धारकों के इलाज की सुविधा उपलब्ध
अजय दिवाकर ने बताया कि मारवाड़ी रिलीफ सोसाइटी में मेडिक्लेम बीमा धारकों के लिए कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध है। सोसायटी के अस्पताल में आम नागरिकों को न्यूनतम शुल्क पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। यहां जनरल वार्ड में भर्ती होने वाले मरीजों से बैड का एक दिन का किराया मात्र 50 रुपए लिया जाता है।
अस्पताल में मौजूद होम्योपैथिक चिकित्सक मात्र 20 रुपए में परामर्श देते हैं और दवा नि:शुल्क देते हैं। यहां चिकित्सक से मात्र 120 रुपए में परामर्श लिया जा सकता है। परामर्श के साथ दवाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाती है। अस्पताल में जेनेरिक दवाएं 60 प्रतिशत डिस्काउंट पर दी जाती हैं।
नि:शुल्क सर्वाइकल वैक्सीन
सोसायटी ने सर्वाइकल कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से बचाव के लिए 9 से 45 साल तक की महिलाओं को सर्वाइकल वैक्सीन नि:शुल्क देने का अभियान शुरू किया है।
