झारखंड को नहीं बनने देंगे बंगाल बाबूलाल

रांची, 15 मई ।  झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष  बाबूलाल मरांडी ने  राज्य में बालू चोरी को लेकर सरकार पर बड़ा बड़ा आरोप लगाया है।मरांडी का आरोप है कि रांची के रातू इलाके में रातोंरात लगभग 900 ट्रैक्टर यानी करीब 90 हजार सीएफटी बालू की डकैती कर ली गई।
मरांडी ने इस मामले में जिला खनन पदाधिकारी और रातू थाना प्रभारी  पर मिलीभगत का आरोप लगाया है।  उन्होंने आशंका जताई कि इस बालू चोरी में मुख्यमंत्री के करीबी नेताओं की भी संलिप्तता हो सकती है। उन्होंने कहा कि मामला सामने आने के बाद संबंधित अधिकारी मनगढ़ंत कहानियां सुनाकर पूरे प्रकरण को दबाने की कोशिश कर रहे हैं। मरांडी ने सवाल उठाया कि रांची और आसपास के क्षेत्रों में रात के समय लगातार पुलिस पेट्रोलिंग होती है, ऐसे में इतनी बड़ी संख्या में ट्रैक्टरों और ट्रकों से बालू की चोरी बिना पुलिस और जिला प्रशासन की मिलीभगत के संभव नहीं है।
मरांडी ने कहा कि यदि इतनी बड़ी मात्रा में बालू चोरी हुई है, तो उसे कहीं न कहीं डंप भी किया गया होगा। उन्होंने शहर और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कराने की मांग की, ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके।
उन्होंने रांची पुलिस से मांग करते हुए कहा कि एसएसपी स्वयं इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करें और चोरी किए गए बालू की बरामदगी कराएं।
मरांडी ने कहा कि  मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कान खोलकर सुन लीजिए, यह मामला जनता की संपत्ति और कानून व्यवस्था से जुड़ा है। यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई और दोषियों पर कठोर कदम नहीं उठाए गए, तो भारतीय जनता पार्टी इस मुद्दे को लेकर व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होगी।  मरांडी ने ईडी से इस मामले का संज्ञान लेंने कहा है।