12 मई को भाजपा का आक्रोश प्रदर्शन

खूंटी, 10 मई । भारतीय जनता पार्टी ने जिले में पेयजल एवं बिजली समस्या को लेकर 12 मई को उपायुक्त कार्यालय के समक्ष आक्रोश प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है। पार्टी पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में प्रदर्शन में शामिल होने का आह्वान किया है।

यह निर्णय रविवार को भाजपा जिला कार्यालय, खूंटी में आयोजित जिला संगठनात्मक मासिक बैठक में लिया गया। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष आनंद कुमार ने की। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व सांसद व प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष गीता कोड़ा मौजूद रहीं, जबकि सह प्रभारी के रूप में रांची के पूर्व उपमहापौर संजीव विजयवर्गीय उपस्थित थे।

बैठक में प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष नीलकंठ सिंह मुंडा, तोरपा के पूर्व विधायक कोचे मुंडा, नगर पंचायत अध्यक्ष रानी टूटी, पूर्व जिलाध्यक्ष काशीनाथ महतो, जिला महामंत्री निखिल कंडुलना व संदीप आनंद समेत कई पदाधिकारी शामिल हुए।

बैठक के दौरान आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही 23 एवं 24 मई को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय प्रशिक्षण शिविर की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। पार्टी नेताओं ने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और जनसमस्याओं को लेकर लगातार आंदोलन चलाने की रणनीति पर काम किया जा रहा है।

बैठक में जिला उपाध्यक्ष जगन्नाथ मुंडा, गंदौरी गुड़िया, लक्ष्मी देवी, संतोष त्रिपाठी, जिला मंत्री गोपाल स्वर्णकार, कंचन सिंह, प्रियांक भगत, कोषाध्यक्ष अनुप कुमार साहू, मंत्री लीलावती देवी, मदन मोहन गोप, दिनेश कुमार महतो सहित विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।