जामताड़ा। 7 मई । जामताड़ा जिला मुख्यालय स्थित कोर्ट मोड़ पर धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा को समाज कंटकों ने क्षतिग्रस्त कर दिया इससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया है। प्रतिमा के हाथ में लगे तीर-धनुष तथा एक हाथ को तोड़ दिये जाने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग और विभिन्न संगठनों के सदस्य घटनास्थल पर जुट गये।
लोगों ने घटना पर आक्रोश जताते हुए दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की। स्थानीय लोगों के अनुसार, देर रात शरारती तत्वों ने घटना को अंजाम दिया। गुरुवार सुबह प्रतिमा को क्षतिग्रस्त देख लागों में नाराजगी फैल गयी।
सूचना मिलने पर एसडीओ अनंत कुमार, एसडीपीओ बिकास आनंद लागुरी सहित पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर शांत कराया। प्रशासन ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा दोषियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जायेगी।
भारत ढिशुम आदिवासी समाज के केंद्रीय अध्यक्ष सुरेश मुर्मू ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि भगवान बिरसा मुंडा आदिवासी समाज के गौरव और स्वाभिमान के प्रतीक हैं। वहीं अंचल अधिकारी ओबिश्वर मुर्मू ने 48 घंटे के भीतर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
