Oplus_16908288

Oplus_16908288

धनबाद, 04 मई । धनबाद जिले के पूटकी थाना क्षेत्र अंतर्गत गोपालीचक स्थित एसएनआर आउटसोर्सिंग कंपनी में सोमवार को एक हादसा हो गया, जिसमें 54 वर्षीय रामस्वरूप चौहान की मौत हो गई। वे गोधरा 4 नंबर के निवासी थे और सिंह नेचुरल आउटसोर्सिंग कंपनी में पिछले चार वर्षों से सुपरवाइजर (स्विफ्ट इंचार्ज) के पद पर कार्यरत थे।

मिली जानकारी के अनुसार, कार्यस्थल पर ड्यूटी के दौरान वे 12 चक्का वाल्वो टिपर की चपेट में आ गए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद उन्हें आनन-फानन में एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद एसएनएमएमसीएच रेफर किया गया। लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक के परिजन गुड्डू चौहान ने बताया कि उन्हें फोन के जरिए हादसे की सूचना मिली, जिसके बाद वे अस्पताल पहुंचे। उनका आरोप है कि भारी वाहन उनके कमर के पास चढ़ गया, जिससे उनकी मौत हो गई।

वहीं मृतक के बेटे आदर्श कुमार ने बताया कि उनके पिता सुबह ड्यूटी के लिए घर से निकले थे और कुछ ही देर बाद हादसे की खबर मिल गई। परिजनों का कहना है कि अब तक कंपनी की ओर से किसी मुआवजे को लेकर कोई ठोस पहल नहीं की गई है।

इधर, कंपनी के इंचार्ज श्रीराम पांडे ने बताया कि घटना की जानकारी जुटाई जा रही है और जांच के बाद ही कुछ स्पष्ट कहा जा सकेगा।