मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी शिविर

320 को मिलेंगे चश्‍मे और 70 के होंगे निशुल्‍क ऑपरेशन

कोलकाता/देवघर, 12 अप्रैल। मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी, कोलकाता की ओर से रविवार 12 अप्रेल को कोलकाता के चेतला  और झारखंड के बाबा धाम देवघर में नेत्र परीक्षण एवं स्वास्थ्य जांच शिविरों का आयोजन किया गया।

ये शिविर कोलकाता के चेतला में मिलन संघ क्लब के सहयोग से तथा देवघर में कुम्भरटोल्ली सेवा समिति के सहयोग से आयोजित किए गए। दोनों शिविरों में कुल लगभग 780 मरीजों का उपचार किया गया। शिविर में आए मरीजों की ब्‍लड प्रेशर, ब्‍लड शुगर, ईसीजी एवं  स्वास्थ्य संबंधी सामान्य जांचें निशुल्‍क की गई।

नेत्र परीक्षण के दौरान 320 मरीजों को चश्मे की आवश्यकता पाई गई, जबकि 70 मरीजों को मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चिन्हित किया गया। मोतियाबिंद से ग्रसित मरीजों के ऑपरेशन आगामी दिनों में मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी अस्‍पताल में निशुल्‍क किए जाएंगे।

कैंप कोऑर्डिनेटर अजय दिवाकर ने बताया कि मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी के मानद प्रधान सचिव प्रहलाद रॉय गोयनका की प्रेरणा से आयोजित इन शिविरों को सफल बनाने में डॉक्टर दिनेश सिंह, डॉक्टर मलय दास, डॉक्टर सुबेंदु देवनाथ, डॉक्टर शंकर मंडल और डॉक्टर सुकांतो राय का योगदान सराहनीय रहा। , देवघर में कुम्भरटोल्ली सेवा समिति के गोपाल मंडल ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

अजय दिवाकर ने बताया कि संस्था भविष्य में भी इस प्रकार के सेवा कार्यों को निरंतर जारी रखेगी, ताकि स्वास्थ्य सुविधाएं अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाई जा सकें।

मेडिक्लेम बीमा धारकों के इलाज की सुविधा उपलब्‍ध

अजय दिवाकर ने बताया कि मारवाड़ी रिलीफ सोसाइटी में मेडिक्लेम बीमा धारकों के लिए कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्‍ध है। सोसायटी के अस्‍पताल में आम नागरिकों को न्‍यूनतम शुल्‍क पर बेहतर स्‍वास्‍थ्‍य सेवाएं उपलब्‍ध करवाई जा रही हैं। यहां जनरल वार्ड में भर्ती होने वाले मरीजों से बैड का एक दिन का किराया मात्र 50 रुपए लिया जाता है।

अस्‍पताल में मौजूद होम्‍योपैथिक चिकित्‍सक मात्र 20 रुपए में परामर्श देते हैं और दवा नि:शुल्‍क देते हैं। यहां चिकित्‍सक से मात्र 120 रुपए में परामर्श लिया जा सकता है। परामर्श के साथ दवाएं नि:शुल्‍क उपलब्‍ध कराई जाती है। अस्‍पताल में जेनेरिक दवाएं 60 प्रतिशत डिस्काउंट पर दी जाती हैं।

नि:शुल्‍क सर्वाइकल वैक्‍सीन

सोसायटी ने सर्वाइकल कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से बचाव के लिए 9 से 45 साल तक की महिलाओं को सर्वाइकल वैक्‍सीन नि:शुल्‍क देने का अभियान शुरू किया है।