ओंकार समाचार
कोलकाता, 21 जून। मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी, कोलकाता की ओर से शनिवार को दो स्थानों पर निशुल्क नेत्र परीक्षण एवं स्वास्थ्य जांच शिविरों का आयोजन किया गया। एक शिविर उत्तर 24 परगना जिले के बारानगर में नवोदित क्लब के सहयोग से तथा दूसरा शिविर पूर्व बर्धमान जिले के शिमलागढ़ में भारत सेवा संघ के सहययोग से लगाया गया।
दोनों शिविरों में कुल 470 मरीजों का उपचार किया गया। शिविरों में मरीजों की ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर, ईसीजी एवं अन्य सामान्य स्वास्थ्य जांचें निशुल्क की गई। मरीजों के लिए जरूरी दवाओं का वितरण निशुल्क किया गया।
नेत्र परीक्षण के दौरान 140 मरीजों में दृष्टि दोष पाया गया, इन मरीजों को चश्मे निशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे। 45 मरीज मोतियाबिंद से पीड़ित पाए गए। मोतियाबिंद से पीड़ित मरीजों के ऑपरेशन कोलकाता स्थित मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी अस्पताल में निशुल्क किए जाएंगे।
कैंप कोऑर्डिनेटर अजय दिवाकर ने बताया कि मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी के मानद प्रधान सचिव प्रह्लाद राय गोयनका की प्रेरणा से आयोजित इन शिविरों में डॉ. दिनेश सिंह, डॉ. मलय दास, डॉ. कबीर अहमद तथा डॉ. सुकांतो राय ने अपनी सेवाएं प्रदान करते हुए मरीजों की जांच की एवं परामर्श दिया।
अजय दिवाकर ने बताया कि शिविरों में लोगों की उत्साहजनक भागीदारी रही। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य जांच एवं नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को निशुल्क चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिल सके।
मेडिक्लेम बीमा धारकों के इलाज की सुविधा उपलब्ध
अजय दिवाकर ने बताया कि मारवाड़ी रिलीफ सोसाइटी में मेडिक्लेम बीमा धारकों के लिए कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध है। सोसायटी के अस्पताल में आम नागरिकों को न्यूनतम शुल्क पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। यहां जनरल वार्ड में भर्ती होने वाले मरीजों से बैड का एक दिन का किराया मात्र 50 रुपए लिया जाता है।
अस्पताल में मौजूद होम्योपैथिक चिकित्सक मात्र 20 रुपए में परामर्श देते हैं और दवा नि:शुल्क देते हैं। यहां चिकित्सक से मात्र 120 रुपए में परामर्श लिया जा सकता है। परामर्श के साथ दवाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाती है। अस्पताल में जेनेरिक दवाएं 60 प्रतिशत डिस्काउंट पर दी जाती हैं।
नि:शुल्क सर्वाइकल वैक्सीन
सोसायटी ने सर्वाइकल कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से बचाव के लिए 9 से 45 साल तक की महिलाओं को सर्वाइकल वैक्सीन नि:शुल्क देने का अभियान शुरू किया है।
