मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी शिविर

कोलकाता, 3 मई। मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी, कोलकाता की ओर से रविवार को दो स्‍थानों पर नि:शुल्क नेत्र परीक्षण एवं स्‍वास्‍थ्‍य जांच शिविरों का आयोजन किया गया। एक शिविर सिंगूर में भारत सेवा संघ के सहयोग से तथा दूसरा शिविर रिषड़ा में शोभा जीव जन कल्याण समिति के सहयोग से लगाया गया।

 दोनों शिविरों में कुल लगभग 450 मरीजों की जांच की गई।सभी मरीजों की ब्‍लडप्रेशर,ब्‍लड शुगर, ईसीजी आदि जांचें निशुल्‍क की गई मरीजों को उनकी जरूरत के मुताबिक दवाएं भी निशुल्‍क वितरित की गईं।

नेत्र परीक्षण के दौरान 180 लोगों को चश्मे की आवश्यकता पाई गई, जबकि 40 मरीजों में मोतियाबिंद की पहचान हुई, जिनके ऑपरेशन निःशुल्क कराए जाएंगे ।

कैंप के समन्वयक अजय दिवाकर ने बताया कि मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी के मानद प्रधान सचिव प्रहृलाद रॉय गोयनका की प्रेरणा से आयोजित इन शिविरों को सफल बनाने में डॉ. दिनेश सिंह, डॉ. मलय दास, डॉ. सुकांतो राय, डॉ. राजीव सिंह सहित अन्य का उल्लेखनीय योगदान रहा।

अजय दिवाकर ने बताया कि संस्था भविष्य में भी इस प्रकार के सेवा कार्यों को निरंतर जारी रखेगी, ताकि स्वास्थ्य सुविधाएं अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाई जा सकें।

मेडिक्लेम बीमा धारकों के इलाज की सुविधा उपलब्‍ध

अजय दिवाकर ने बताया कि मारवाड़ी रिलीफ सोसाइटी में मेडिक्लेम बीमा धारकों के लिए कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्‍ध है। सोसायटी के अस्‍पताल में आम नागरिकों को न्‍यूनतम शुल्‍क पर बेहतर स्‍वास्‍थ्‍य सेवाएं उपलब्‍ध करवाई जा रही हैं। यहां जनरल वार्ड में भर्ती होने वाले मरीजों से बैड का एक दिन का किराया मात्र 50 रुपए लिया जाता है।

अस्‍पताल में मौजूद होम्‍योपैथिक चिकित्‍सक मात्र 20 रुपए में परामर्श देते हैं और दवा नि:शुल्‍क देते हैं। यहां चिकित्‍सक से मात्र 120 रुपए में परामर्श लिया जा सकता है। परामर्श के साथ दवाएं नि:शुल्‍क उपलब्‍ध कराई जाती है। अस्‍पताल में जेनेरिक दवाएं 60 प्रतिशत डिस्काउंट पर दी जाती हैं।

नि:शुल्‍क सर्वाइकल वैक्‍सीन

सोसायटी ने सर्वाइकल कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से बचाव के लिए 9 से 45 साल तक की महिलाओं को सर्वाइकल वैक्‍सीन नि:शुल्‍क देने का अभियान शुरू किया है।