खूंटी, 05 अक्टूबर ।
शैक्षणिक भ्रमण पर रानी फॉल गए कर्रा प्रखंड के पीएम श्री उत्क्रमित मध्य सह उच्च विद्यालय तिलमी के 18 बच्चों की तबीयत रविवार की देर रात अचानक बिगड़ गई। बच्चों को उल्टी, दस्त और सिरदर्द की शिकायत होने पर परिजन और शिक्षक उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कर्रा लेकर पहुंचे। देर रात तक 18 बच्चों को अस्पताल में भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया गया था।
घटना की जानकारी मिलते ही तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया और खूंटी विधायक रामसूर्या मुंडा देर रात सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कर्रा पहुंचे। दोनों विधायकों ने अस्पताल में भर्ती बच्चों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना तथा चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल कीl चिकित्सा व्यवस्था का भी जायजा लिया।
तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया ने बच्चों के परिजनों से बातचीत कर उन्हें भरोसा दिलाया कि इलाज में किसी प्रकार की कमी या लापरवाही नहीं होने दी जाएगी।
उन्होंने चिकित्सकों, नर्सों और स्वास्थ्यकर्मियों को प्रत्येक बच्चे की लगातार निगरानी करने तथा बेहतर उपचार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों की तबीयत को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर तत्काल बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा गंभीर स्थिति की आशंका को देखते हुए एंबुलेंस तैयार रखने का निर्देश भी दिया।
विधायक ने प्रधानाध्यापिका पुष्पा बाखला को सभी बच्चों के अभिभावकों के संपर्क में रहने और किसी भी बच्चे की तबीयत बिगड़ने पर तत्काल अस्पताल पहुंचाने को कहा।
प्रखंड चिकित्सा प्रभारी डॉ. पीसी झा ने बताया कि बच्चों में फिलहाल उल्टी-दस्त और सिरदर्द के लक्षण पाए गए हैं। प्रथम दृष्टया बाहरी खान-पान के कारण ऐसी स्थिति उत्पन्न होने की आशंका है।
उन्होंने बताया कि सभी बच्चे फिलहाल खतरे से बाहर हैं। अधिक बच्चों के अस्पताल पहुंचने की संभावना को देखते हुए सदर अस्पताल खूंटी को भी आवश्यक तैयारी रखने की सूचना दी गई है।
प्रधानाध्यापिका पुष्पा बाखला ने बताया कि स्कूल के 330 बच्चे शनिवार को शैक्षणिक भ्रमण पर कल्याण गुरुकुल, खूंटी होते हुए रानी फॉल गए थे। इस दौरान बच्चों को दाल-चावल और आलू-कद्दू की सब्जी खिलाई गई थी।
वहीं, कुछ बच्चों ने पिकनिक स्थल पर कोल्ड ड्रिंक समेत अन्य बाहरी खाद्य पदार्थ भी खाए थे।
घटना की सूचना मिलने पर झामुमो युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष राहुल केशरी, अनूप लकड़ा सहित कई परिजन और स्थानीय लोग भी सीएचसी पहुंचे।
उन्होंने बच्चों और उनके परिजनों से मुलाकात कर स्थिति की जानकारी ली। फिलहाल सभी बच्चों का इलाज जारी है।
