हल्दीपोखर से 13 बकरियां चोरी, जांच में जुटी पुलिस

पूर्वी सिंहभूम, 18 अक्टूबर ।

पूर्वी सिंहभूम जिले के कोवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत हल्दीपोखर में चोरों ने एक पशुपालक को बड़ा आर्थिक नुकसान पहुंचाया है।

सरकारी अस्पताल के समीप शनिवार की देर रात अज्ञात चोरों ने आसिफ अंसारी की 13 बकरियां चुरा लीं। चोरी गई बकरियों की कीमत करीब एक लाख 20 हजार रुपये बताई गई है। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने कोवाली थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपितों की पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की है।

पीड़ित आसिफ अंसारी के अनुसार, उनके पास कुल 16 बकरियां थीं। शनिवार की रात परिवार के सभी सदस्य घर का दरवाजा बंद कर सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने मौके का फायदा उठाकर 13 बकरियां चोरी कर लीं। सुबह घटना की जानकारी मिलने पर परिवार के लोगों के होश उड़ गए। काफी खोजबीन के बावजूद बकरियों का पता नहीं चल सका।

आसिफ अंसारी ने बताया कि वह लंबे समय से बकरी पालन कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते आ रहे हैं। बकरियां उनकी आजीविका का प्रमुख साधन थीं। एक साथ 13 बकरियों की चोरी होने से उन्हें भारी आर्थिक क्षति हुई है। पीड़ित परिवार ने पुलिस से मामले की जांच कर चोरी गई बकरियों की बरामदगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद हल्दीपोखर पंचायत की मुखिया देवी कुमारी भूमिज पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचीं। उन्होंने परिवार को सांत्वना देते हुए घटना पर चिंता जताई। मुखिया ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में रात्रि गश्ती बढ़ाने और चोरी की बढ़ती घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की।