
रांची/खूंटी/पश्चिमी सिंहभूम, 12 जनवरी । स्वामी विवेकानंद की जयंती सह राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर झारखंड भर में युवाओं ने ऊर्जा, संकल्प और राष्ट्रभक्ति का परिचय देते हुए विविध कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लिया। राजधानी रांची सहित खूंटी और पश्चिमी सिंहभूम जिलों में मैराथन, श्रद्धांजलि सभाओं और विचार गोष्ठियों के माध्यम से युवाओं ने स्वामी विवेकानंद के विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।

रांची में एबीवीपी का युवाथॉन, एक हजार से अधिक युवाओं की भागीदारी
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) रांची महानगर की ओर से आयोजित युवाथॉन (मैराथन) में 1000 से अधिक युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। युवाओं की इस दौड़ ने रांची की सड़कों को राष्ट्रभक्ति और युवा जोश के रंग में रंग दिया। कड़कड़ाती ठंड के बावजूद प्रतिभागियों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रसिद्ध क्रिकेटर सौरभ तिवारी ने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इतनी बड़ी संख्या में युवाओं को फिटनेस और देश के लिए एक साथ दौड़ते देखना गर्व का विषय है। खेल और मैराथन जीवन में हार न मानने और लक्ष्य तक पहुंचने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि विजेता ही नहीं, बल्कि मैदान में उतरने वाला हर युवा विजेता है, क्योंकि उसने आलस्य को त्यागा है।
एबीवीपी रांची महानगर के अध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार महतो ने कहा कि युवाथॉन में युवाओं की भागीदारी यह दर्शाती है कि स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं। एबीवीपी का उद्देश्य युवाओं को शारीरिक, मानसिक और वैचारिक रूप से सशक्त बनाकर राष्ट्र निर्माण के लिए तैयार करना है।
प्रदेश मंत्री प्रकाश टूटी ने कहा कि स्वामी विवेकानंद का कथन—“शक्ति ही जीवन है, निर्बलता मृत्यु है”—आज रांची के युवाओं ने चरितार्थ कर दिखाया है। यह दौड़ केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि एक संकल्प यात्रा थी।
क्रीड़ा भारती के प्रदेश युवा संयोजक मोनू शुक्ला ने कहा कि स्वस्थ जीवनशैली और राष्ट्रवाद के उद्देश्य से आयोजित यह कार्यक्रम युवाओं की सक्रिय भागीदारी के साथ पूरी तरह सफल रहा।
कार्यक्रम में झारखंड प्रांत संगठन मंत्री निलेश कटारे, केंद्रीय कार्यसमिति सदस्य दिशा दित्य, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य शुभम पुरोहित, प्रदेश कार्यालय मंत्री हर्ष राज सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।

खूंटी में भाजयुमो ने मनाया राष्ट्रीय युवा दिवस
खूंटी जिले के गोविंदपुर मंडल अंतर्गत पंचायत सचिवालय, जरियागढ़ में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की ओर से स्वामी विवेकानंद जयंती सह राष्ट्रीय युवा दिवस मनाया गया। मंडल अध्यक्ष विनय गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में स्वामी विवेकानंद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।
विनय गुप्ता ने कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचार युवाओं में आत्मविश्वास, चरित्र निर्माण और राष्ट्रसेवा की भावना जागृत करते हैं। यदि युवा शक्ति संगठित होकर शिक्षा, नशामुक्ति और सेवा को लक्ष्य बनाए, तो भारत को विश्वगुरु बनने से कोई नहीं रोक सकता।
कार्यक्रम में राम लखन सिंह, बिंदेश्वर सिंह, नंदकुमार सिंह, रामा साहू, मनोज सिंह, रामचंद्र साहू, महामंत्री मधुसूदन साहू, मंत्री जगरनाथ साहू सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।
पश्चिमी सिंहभूम में स्वदेशी जागरण मंच ने अर्पित की श्रद्धांजलि
पश्चिमी सिंहभूम जिले में स्वदेशी जागरण मंच के तत्वावधान में बंगाली सेवा समिति, रविंद्र भवन परिसर स्थित स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए। उपस्थित सदस्यों ने स्वामी जी के चरणों में पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
इस अवसर पर सुजीत विश्वकर्मा और संजय कर्मकार ने स्वामी विवेकानंद के जीवन और विचारों पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि स्वामी विवेकानंद युवाओं के प्रेरणास्रोत हैं, जिन्होंने सनातन संस्कृति और हिंदुत्व विचार को विश्व पटल पर स्थापित किया। बेलूर मठ की स्थापना कर उन्होंने आध्यात्मिक और सामाजिक चेतना का केंद्र विकसित किया।
कार्यक्रम में रामावतार राम, रवि, दिलीप साव, चंद्र मोहन तियू, जयकिशन बिरूली, कामेश्वर विश्वकर्मा, अनिल सिंहा, उल्लास नाग, दीनू पटनायक, रोहित दास, पप्पू राय सहित कई लोग उपस्थित थे।






