
रांची, 30 जनवरी । राजधानी रांची सहित झारखंड के कई जिलों में मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिला है। बादलों की आवाजाही और सुबह के समय कुहासा छाए रहने से ठंड में इजाफा हुआ है, जिससे लोगों को दिनभर कनकनी का एहसास हुआ।
मौसम विभाग के अनुसार, यह परिवर्तन देश के उत्तरी हिस्सों में हो रही भारी बर्फबारी के प्रभाव के कारण हुआ है।
शुक्रवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से ही बादल और कुहासा छाया रहा, जिससे ठंडी हवाओं का असर बना रहा और दिनभर ठंड महसूस की गई। हालांकि, दोपहर बाद आसमान साफ होने पर लोगों को कुछ राहत मिली।
मौसम विभाग ने बताया कि आगामी 3 फरवरी को राज्य के उत्तर-पश्चिमी जिलों—पलामू, गढ़वा, लातेहार और चतरा में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही सुबह के समय हल्के दर्जे का कुहासा छाए रहने की भी आशंका जताई गई है।
मौसम में आए बदलाव का असर तापमान पर भी स्पष्ट रूप से देखा गया। डाल्टनगंज में अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 5 डिग्री सेल्सियस कम होकर 21 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान भी सामान्य से कम 9.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं चाईबासा, जमशेदपुर और रांची में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहा।
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान चाईबासा में 29.8 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम तापमान कांके में 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
शुक्रवार को रांची में अधिकतम तापमान 24.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12.1 डिग्री, जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 21.2 और 9.1 डिग्री, डालटेनगंज में 26.2 और 7.6 डिग्री, बोकारो में 26.5 और 12.6 डिग्री, चाईबासा में 29.8 डिग्री और 12.4 डिग्री, खूंटी में 26.4 और 11.9 डिग्री, लोहरदगा में 22.4 और 9.6 डिग्री, लातेहार में 18.6 और 11.5 डिग्री और सरायकेला में अधिकतम तापमान 28.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।






