शव मिला

धनबाद, 28 मार्च। भूली होल्ट के पास शनिवार काे रेलवे ट्रैक के समीप एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा मिला। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आशंका जताई जा रही है कि किसी मालगाड़ी की चपेट में आने से युवक की मौत हुई है। मृतक के सिर, आंख और दाहिने हाथ पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। दाहिना हाथ लगभग कटकर लटक गया था, जबकि आंख अंदर दब गई थी।

सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस और रेलवे कर्मी मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल भेज दिया गया है।

फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के इलाकों में पूछताछ कर रही है और स्टेशन पर लगे सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है, ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सके।

रेलवे कर्मचारी राकेश कुमार ने बताया कि सबसे पहले स्टेशन प्रबंधन को सूचना मिली कि भूली होल्ट ओवरब्रिज के नीचे एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा है। इसके बाद स्टेशन मास्टर की ओर से उन्हें घटना स्थल भेजा गया।

मौके पर पहुंचने पर स्थिति गंभीर दिखी, जिसके बाद उन्होंने तुरंत भूली थाना को सूचना दी। पुलिस ने पहुंचकर पंचनामा तैयार किया और शव को उठवाया।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और अज्ञात व्यक्ति की पहचान करने में जुटी है।