पश्चिमी सिंहभूम, 18 मार्च । पश्चिमी सिंहभूम जिले में वन विभाग ने बंदगांव थाना क्षेत्र के पोड़ाहाट वन क्षेत्र से अवैध लकड़ी से भरा एक 12 चक्का ट्रक जब्त किया है। ट्रक में भारी मात्रा में साल की लकड़ी लदी हुई थी। वन कर्मियों को देखते ही चालक और उसके साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, सोंगरा-केरा वन क्षेत्र के रेंजर तरुण कुमार सिंह को मंगलवार शाम गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में अवैध लकड़ी की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम का गठन कर हेसाडीह क्षेत्र में छापेमारी के लिए भेजा गया।
रात करीब 10 बजे टेबो जंगल के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-75ई पर संदिग्ध ट्रक को रोका गया, लेकिन चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। तलाशी के दौरान ट्रक से 75 से 80 पीस साल लकड़ी के बोटे बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत सात से आठ लाख रुपये बताई जा रही है।
वन विभाग की टीम ट्रक को जब्त कर चक्रधरपुर कार्यालय ले आई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया है कि ट्रक पर लगा नंबर फर्जी है और उस पर चाईबासा का नया रजिस्ट्रेशन नंबर दर्शाया गया है। अब विभाग चेसिस नंबर के आधार पर वाहन के वास्तविक मालिक की पहचान करने में जुटा है।
वन विभाग ने अज्ञात तस्करों और वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
