हाईवा और डंपर जब्त

पश्चिमी सिंहभूम, 04 फ़रवरी ।  जिला के चक्रधरपुर क्षेत्र में प्रशासन ने अवैध बालू परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मंगलवार देर रात को बिना वैध चालान के बालू ले जा रहे तीन हाईवा और दो डंपर वाहनों को जब्त किया। यह कार्रवाई चक्रधरपुर–सोनुआ मुख्य मार्ग पर की गई, जिससे अवैध बालू कारोबार में लिप्त लोगों में हड़कंप मच गया।

जब्त किए गए वाहनों में हाईवा संख्या जेएच 06एल 3272, जेएच 05 बीजेड 3932 और ओडी 09ए 6361, जबकि डंपर संख्या जेएच 05एफ 3261 और जेएच 05वाई 1734 शामिल हैं। इन सभी वाहनों में करीब 2500 सीएफटी बालू लदा हुआ पाया गया। अनुमंडल पदाधिकारी, पोड़ाहाट, चक्रधरपुर के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई के बाद सभी पांचों वाहनों को चक्रधरपुर थाना परिसर में खड़ा कराया गया है।

प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि जब्त बालू और वाहनों से संबंधित सभी दस्तावेजों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग को सौंपा जाएगा।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन और बिना अनुमति बालू परिवहन को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

प्रशासन ने यह भी कहा कि अवैध बालू कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।