हत्या

पश्चिमी सिंहभूम, 28 जनवरी । पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोन्टो थाना क्षेत्र में बुधवार को एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। हेंदेबुरु गांव के समीप जंगल से पुलिस ने एक युवक का शव बरामद किया है।

पुलिस जांच में मृतक की पहचान हेंदेबुरु निवासी सेलाय लागुरी(31)पुत्र दुलबू लागुरी के रूप में की गई है। शव की स्थिति देखकर प्रथम दृष्टया युवक की बेहद बेरहमी से हत्या की गई है। हत्यारों ने पत्थर से उसके सिर को कुचलकर जान ली और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को जंगल में फेंक दिया। मृतक के शरीर पर कई जगह गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं।

पुलिस के अनुसार,सेलाय लागुरी 19 जनवरी की शाम से लापता था। परिजन लगातार उसकी खोजबीन कर रहे थे,लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं मिल पाया था। बुधवार को गांव के एक ग्रामीण ने जंगल में शव देखा, जिसके बाद उसने गांव के मुंडा (मुखिया) को इसकी सूचना दी। मुंडा द्वारा तुरंत टोन्टो थाना को जानकारी दी गई।

सूचना मिलते ही टोन्टो थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह एक सुनियोजित हत्या प्रतीत होती है और जल्द ही मामले का खुलासा करते हुए हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।