
नदिया, 01 फरवरी । जिले के कृष्णगंज थाना इलाके में कथित तौर पर एक प्रेमिका ने फोन कर अपने प्रेमी को घर बुलाया और उसके बाद युवक की हत्या कर दी गई। रविवार सुबह प्रेमिका के घर के पास ही युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान सौरभ हालदार के रूप में हुई है। घटना को लेकर इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, सौरभ हालदार नदिया जिले के गेदे हालदारपाड़ा इलाके का निवासी था। लंबे समय से सौरभ का पेमा हालदार नाम की युवती के साथ प्रेम संबंध था। बताया जा रहा है कि इस रिश्ते को युवती के परिवार वाले स्वीकार नहीं कर रहे थे और सौरभ को पहले भी कई बार धमकियां दी गई थीं। इसके बावजूद सौरभ इस रिश्ते को खत्म करने के लिए तैयार नहीं था।
परिवार का आरोप है कि शनिवार रात युवती ने फोन कर सौरभ को अपने घर बुलाया था। फोन मिलने के बाद सौरभ वहां चला गया, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटा। परिजनों का कहना है कि रातभर सौरभ से कोई संपर्क नहीं हो पाया।
रविवार सुबह परिजनों को सूचना मिली कि सौरभ का शव युवती के घर से कुछ दूरी पर एक झाड़ी में पड़ा हुआ है। खबर मिलते ही स्थानीय लोग और परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे और कृष्णगंज थाने को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बरामद किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि प्रेमिका के घरवालों ने सौरभ को घर बुलाकर उसकी हत्या की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।








