
सिलीगुड़ी, 03 फरवरी। सिलीगुड़ी नगर निगम की पहल पर शहर के दो इलाकों का नया नामकरण मंगलवार को किया गया है। सिलीगुड़ी गर्ल्स हाई स्कूल से सटे सड़क का नाम विद्यालय की पूर्व विशिष्ट शिक्षिका अमिया सेनगुप्ता की स्मृति में रखा गया है। नए नामकरण के अनुसार अब यह सड़क अमिया सेनगुप्ता सरणी के नाम से जानी जाएगी।
वहीं, कोर्ट मोड़ से सिलीगुड़ी नगर निगम भवन के आसपास और उससे सटे कुछ इलाकों को मिलाकर एक नए क्षेत्र का नामकरण “कॉरपोरेशन पाड़ा” किया गया है। नगर निगम सूत्रों के अनुसार, शहर के प्रशासनिक और नागरिक ढांचे से जुड़े इस इलाके को एक अलग पहचान देने के उद्देश्य से यह फैसला लिया गया है। मंगलवार को सिलीगुड़ी नगर निगम में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान सिलीगुड़ी के मेयर गौतम देव ने औपचारिक रूप से इस नामकरण का शुभ शिलान्यास किया।
इस अवसर पर मेयर परिषद के सदस्य, संबंधित वार्ड के पार्षद, नगर निगम के अधिकारी और अन्य प्रतिनिधि उपस्थित थे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मेयर गौतम देव ने कहा कि शहर के इतिहास, शिक्षा और विकास से जुड़े विशिष्ट व्यक्तित्वों की स्मृति में इस तरह का नामकरण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगा। साथ ही शहर के विभिन्न इलाकों को योजनाबद्ध तरीके से पहचान देना भी इस पहल का एक प्रमुख उद्देश्य है।








