
मुंबई, 01 फ़रवरी । मुंबई के जुहू इलाके में मशहूर फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के आवास के बाहर हुई फायरिंग के मामले में बड़ा और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। इस गोलीबारी की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली है और रोहित शेट्टी और पूरी फिल्म इंडस्ट्री को सीधे तौर पर धमकी भी दी है।
गैंग का दावा, पहले भी दी थी चेतावनी
गैंग की ओर से जारी धमकी भरे संदेश में कहा गया है कि मुंबई में रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी शुभम लोंकर, आरजू बिश्नोई, हरी बॉक्सर और हरमन संधू ले रहे हैं। संदेश में यह भी दावा किया गया कि रोहित शेट्टी को पहले कई बार चेतावनी दी गई थी कि वे उनके काम में दखल न दें, लेकिन उन्होंने इसे गंभीरता से नहीं लिया। धमकी में कहा गया कि यह हमला सिर्फ एक छोटा सा ट्रेलर है और अगर रोहित शेट्टी नहीं सुधरे, तो अगली बार गोलियां घर के बाहर नहीं, बल्कि सीधे उनके बेडरूम तक पहुंचेंगी। गैंग ने यह भी चेतावनी दी कि अगला हमला जानलेवा हो सकता है।
पूरी बॉलीवुड इंडस्ट्री को चेतावनी
लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने अपने बयान में पूरी फिल्म इंडस्ट्री को भी चेताते हुए कहा है कि अपनी आदतें सुधार ली जाएं, वरना हाल और भी बुरा हो सकता है। संदेश में यह भी दावा किया गया कि जिन लोगों को फोन किया गया है, वे उनकी बात मान लें, नहीं तो छिपने की जगह भी कम पड़ जाएगी। बयान के अंत में गैंग ने खुद को ‘एक ही था, एक ही है और एक ही रहेगा’ बताते हुए अपनी धमकी को और तीखा बना दिया।
पुलिस की कार्रवाई, 5 संदिग्ध हिरासत में
इस सनसनीखेज घटना के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई की है। पुणे पुलिस ने फायरिंग मामले में शामिल 5 संदिग्धों को हिरासत में लिया है। जांच में सामने आया कि जुहू स्थित आवास पर गोलियां चलाने के बाद आरोपित तुरंत मुंबई से फरार होकर पुणे पहुंच गए थे। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर सभी को पकड़ लिया। फिलहाल मामले की जांच जारी है और सुरक्षा एजेंसियां इस धमकी को बेहद गंभीरता से लेते हुए आगे की कार्रवाई में जुटी हुई हैं।








