कोलकाता, 28 मार्च। अंतरराष्ट्रीय मारवाड़ी सम्मेलन एवं समर्पण ट्रस्ट के संयुक्त तत्वाधान में आगामी 30 मार्च 2026, सोमवार को “संस्कृति संनाद” नामक एक भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम राजस्थान दिवस, गणगौर पूजा, हिन्दू नववर्ष एवं राम नवमी के पावन अवसर पर सायं 7:30 बजे विधान गार्डन, कोलकाता में आयोजित किया जाएगा।
ट्रस्ट और सम्मेलन ने एक विज्ञप्ति जारी कर इस आशय की जानकारी दी है। विज्ञप्ति में बताया गया है कि इस सांस्कृतिक संध्या का उद्देश्य राजस्थान की समृद्ध लोक परंपराओं, कला एवं सांस्कृतिक विरासत को जन-जन तक पहुंचाना है।
कार्यक्रम का उद्घाटन समाजसेवी श्यामलाल अग्रवाल करेंगे जबकि ख्यातिलब्ध उद्योगपति आदित्य पोद्दार बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में जयपुर से आ रही प्रसिद्ध राजस्थानी लोक कलाकार मधु भट्ट अपने गीतों एवं नृत्यों की मनमोहक प्रस्तुति से दर्शकों को राजस्थान की सांस्कृतिक छटा से रूबरू कराएंगी।
आयोजन में समाज के अनेक गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रहने की संभावना है। यह कार्यक्रम न केवल मनोरंजन का माध्यम बनेगा, बल्कि समाज को अपनी जड़ों और सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने का एक सशक्त प्रयास भी होगा।
अंतर्राष्ट्रीय मारवाड़ी सम्मेलन एवं समर्पण ट्रस्ट के सभापति दिनेश बजाज ने कहा,“संस्कृति सन्नद केवल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि हमारी परंपराओं और विरासत को सहेजने का एक सार्थक प्रयास है। आज की युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है, और इस प्रकार के आयोजन उसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।”
अंतर्राष्ट्रीय मारवाड़ी सम्मेलन और समर्पण ट्रस्ट के महासचिव प्रदीप ढेड़िया ने कहा है,“हमारा उद्देश्य समाज के हर वर्ग को एक मंच पर लाकर सांस्कृतिक एकता और समरसता को बढ़ावा देना है। ‘संस्कृति संनाद’ के माध्यम से हम अपनी लोक कला और परंपराओं को जीवंत रखने का प्रयास कर रहे हैं। हमें विश्वास है कि यह आयोजन सभी के लिए एक अविस्मरणीय अनुभव साबित होगा।”
आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम में प्रवेश केवल आमंत्रण कार्ड द्वारा ही संभव होगा।
