
दक्षिण 24 परगना, 31 जनवरी। दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर इलाके में शुक्रवार देर रात एक सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई। यह हादसा बारुईपुर के सीताकुंड इलाके में हुआ। पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान नाजिम सरदार (20) और कार्तिक मंडल (45) के रूप में हुई है।
पुलिस और स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, शुक्रवार रात नाजिम अपने दोस्त मोइदुल के साथ बाइक पर सवार होकर फूलतला से सीताकुंड की ओर जा रहा था। उसी समय कार्तिक मंडल साइकिल से फूलतला की दिशा में जा रहे थे। सीताकुंड के पास बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और पहले साइकिल को टक्कर मारी, फिर पास लगे बिजली के खंभे से जा टकराई।
हादसे में बाइक और साइकिल पर सवार तीनों लोग सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत सभी को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने नाजिम सरदार और कार्तिक मंडल को मृत घोषित कर दिया।
वहीं, गंभीर रूप से घायल मोइदुल को प्राथमिक उपचार के बाद एसएसकेएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।








