राम नवमी

रांची, 26 मार्च। राजधानी रांची में 27 मार्च को मनाए जाने वाले रामनवमी पर्व को लेकर प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। एक ओर जहां सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर शहर के बाजारों में उत्साह और रौनक अपने चरम पर पहुंच गई है।

झारखंड की पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्रा की अध्यक्षता में रांची के एसएसपी कार्यालय में देर रात एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में डीजीपी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर के संवेदनशील और भीड़-भाड़ वाले इलाकों की पहचान कर विशेष निगरानी रखी जाए , जुलूस और शोभायात्रा के रूट का भौतिक सत्यापन किया जाए , पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए ।

इसके अलावा, उन्होंने सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर कड़ी निगरानी रखने का भी निर्देश दिया, ताकि किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।  बैठक में मनोज कौशिक, राकेश रंजन, राकेश सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पर्व के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है । किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार है। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त बल तैनात किया जाएगा

बाजारों में उत्साह, भगवा रंग में रंगा शहर

रामनवमी को लेकर रांची के बाजारों में जबरदस्त रौनक देखने को मिल रही है। अपर बाजार, अल्बर्ट एक्का चौक, मोरहाबादी, लालपुर और पिस्कामोड़ जैसे इलाकों में भारी भीड़ नजर आ रही है। महावीरी झंडों की दुकानों पर ग्राहकों की लंबी कतारें लगी हुई है।15 रुपये से लेकर 5000 रुपये तक के झंडे उपलब्ध हैं। विशेष डिजाइन के झंडों की सिलाई भी कराई जा रही है

पूजन सामग्री और पारंपरिक वस्तुओं की मांग बढ़ी

पर्व को लेकर रामनामी पट्टा, चुनरी, भगवा तौलिया,  हनुमान जी के वस्त्र और टी-शर्ट, बाइक झंडे और सजावटी सामग्री  शोभायात्रा के लिए पारंपरिक वस्तुएं जैसे तलवार, भुजाली और फरसा भी खरीदे जा रहे हैं।

बांस और सजावट सामग्री की मांग में उछाल

झंडे लगाने के लिए उपयोग होने वाले बांस की बिक्री भी तेजी से बढ़ी है। 50 से 250 रुपये तक के बांस की खूब मांग । विक्रेताओं के अनुसार, यह सीजन साल का सबसे व्यस्त समय होता है

मंदिरों में तैयारियां पूरी, शोभायात्रा की तैयारी

शहर के मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना की तैयारी पूरी हो गई है। प्रमुख चौक-चौराहों को झंडों और रोशनी से सजाया गया है। 27 मार्च को भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

 सोशल मीडिया पर निगरानी और अपील

प्रशासन ने सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखते हुए लोगों से अपील की है कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें, शांति और सौहार्द बनाए रखें, प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।