अधिकारी ने मरने से पहले वीडियो जारी कर मंत्री पर लगाए गंभीर आरोप, सीएम ने मुख्य सचिव को दिए जांच के आदेश
चंडीगढ़, 21 मार्च । पंजाब के अमृतसर में तैनात स्टेट वेयरहाउस कॉर्पोरेशन के जिला प्रबंधक के आत्महत्या किए जाने का मामला गंभीर हो गया है। शनिवार को अधिकारी का रिकार्ड एक वीडियो वायरल होने के बाद पंजाब के परिवहन मंत्री लालजीत भुल्लर ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया।
मुख्यमंत्री भवगंत मान ने पंजाब के मुख्य सचिव को जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। गगनदीप सिंह रंधावा अमृतसर और तरनतारन में अपनी सेवाएं दे रहे थे। घटना के बाद उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। गगनदीप ने मरने से पहले एक वीडियो रिकार्ड करके पंजाब के परिवहन मंत्री लालजीत भुल्लर का नाम लिया।
विभाग के पास एक गोदाम के लिए स्थान देने का प्रस्ताव आया था। जांच के दौरान विभागीय टीम ने पाया कि प्रस्तावित जगह के ऊपर से उच्च वोल्टेज की बिजली की तारें गुजर रही हैं,जो सुरक्षा के लिहाज से उचित नहीं थी। इसी आधार पर विभाग ने उस प्रस्ताव को रद्द कर दिया था। शुक्रवार को अमृतसर दौरे के दौरान मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने इस मामले को लेकर कथित तौर जिला प्रबंधक पर दबाव बनाया। इससे आहत होकर गगनदीप सिंह रंधावा ने यह कदम उठाया।
रंधावा ने जहर निगलने से पहले एक वीडियो बनाकर पूरे घटनाक्रम के बारे में बताया। घटना के बाद पंजाब में हड़कंप मच गया है। अकाली नेता बिक्रमजीत मजीठिया ने मृतक का वीडियो जारी करते मंत्री के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की। इसी दौरान अमृतसर के सांसद गुरजीत सिंह औजला ने अस्पताल का दौरा करके मृतक का पोस्टमार्टम पीजीआई के बोर्ड से करवाने की मांग की।
इस बीच पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने मामले को गंभीरता से लेते हुए परिवहन मंत्री लालजीत भुल्लर का इस्तीफा ले लिया है। मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए हैं।
इसी दौरान परिवहन मंत्री लालजीत भुल्लर ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि उन पर लगे इलजाम पूरी तरह से बेबुनियाद हैं। वर्तमान हालातों को देखते हुए उन्होंने स्वयं अपने पद से इस्तीफा पेश कर दिया है। भुल्लर ने कहा कि इस मामले की जांच में मंत्री पद आड़े नहीं आना चाहिए। सच्चाई सबके सामने आएगी।
