उपायुक्त मनीष कुमार

पाकुड़, 23 जनवरी । जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मनीष कुमार को बेस्ट इलेक्शन डिस्ट्रिक्ट अवार्ड 2025 से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान उन्‍हें 25 जनवरी 2026 को नई दिल्ली के मानेकशॉ सेंटर में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्वारा प्रदान किया जाएगा।

राष्ट्रीय निर्वाचन आयोग ने निर्वाचन प्रक्रियाओं में उत्कृष्टता, नवाचार और प्रभावी कार्यान्वयन के लिए पाकुड़ जिले को यह सम्मान देने का निर्णय लिया है। यह उपलब्धि जिले में स्वतंत्र, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित चुनाव संपन्न कराने में लगे सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सामूहिक मेहनत, प्रतिबद्धता और समन्वय का परिणाम है।

इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि यह सम्मान केवल उनके लिए नहीं, बल्कि पाकुड़ जिले के समस्त चुनाव अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए है। उन्होंने बताया कि इस सफलता का श्रेय बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर, ईआरओ, एईआरओ सहित जिला निर्वाचन कार्यालय से जुड़े सभी पदाधिकारियों और कर्मियों की सतत मेहनत और निष्ठा को जाता है।

उन्होंने सभी सहयोगियों को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह पुरस्कार जिले को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में उत्कृष्टता और नवाचार की दिशा में आगे बढ़ने की नई प्रेरणा देगा।