अफीम बरामद चार गिरफ्तार

खूंटी, 25 मार्च । जिले के जरियागढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने अफीम की अवैध खेती के खिलाफ बड़ी और सुनियोजित कार्रवाई करते हुए चार आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में अफीम और डोडा बरामद किया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 37 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) मनीष टोप्पो ने बुधवार को अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि 24 मार्च को गुप्त सूचना मिली थी कि जरियागढ़ थाना क्षेत्र के गाड़ी गांव में संतोष आइंद और जीवन जशमन आइंद की ओर से अवैध रूप से अफीम की खेती की जा रही है। सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) तोरपा क्रिस्टोफर केरकेट्टा के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।

छापेमारी के दौरान पुलिस टीम ने संतोष आइंद के घर के बगीचे से छिपाकर रखा गया कुल 39.78 किलोग्राम डोडा बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 06 लाख रुपये बताई गई है। मौके से संतोष आइंद को गिरफ्तार कर जब उससे पूछताछ की गई, तो उसने इस अवैध धंधे में जीवन जशमन आइंद की संलिप्तता की जानकारी दी। इसके आधार पर पुलिस ने जीवन जशमन आइंद उर्फ लेबरे के ठिकाने पर छापा मारा, जहां उसके घर के पास स्थित खेत से 6.320 किलोग्राम अफीम जैसा पदार्थ (बाल्टी सहित) बरामद किया गया। बरामद अफीम की कीमत लगभग 31.50 लाख रुपये आंकी गई है।

जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने इस मामले में शामिल दो अन्य आरोपितों को भी गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपितों में संतोष आइंद (22), जीवन जशमन आइंद उर्फ लेबरे (53), महादेव टूटी उर्फ मनीष (25) और जाठा सांगा उर्फ सुकरा सांगा (50) शामिल हैं। पुलिस पूछताछ में सभी आरोपितों ने अवैध अफीम की खेती और उसके कारोबार में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है।

इस संबंध में जरियागढ़ थाना में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने लगभग 01 एकड़ में लगी अफीम की फसल को भी नष्ट कर दिया, जिसमें फल लगे हुए थे।

इस कार्रवाई में तोरपा एसडीपीओ क्रिस्टोफर केरकेट्टा, पुलिस निरीक्षक अशोक कुमार सिंह, थाना प्रभारी बिरेंद्र कुमार सहित जरियागढ़ थाना की पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। एसपी ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध नशा कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।