स्कार्पियो से कुचलकर एक की मौत

हजारीबाग, 06 मार्च । जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र के नापो खुर्द गांव में गुरुवार देर रात आपसी रंजिश को लेकर हुई हिंसक घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के दौरान उपद्रवियों ने घर के पास खड़ी दो गाड़ियों में आग भी लगा दी, जिससे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार देर रात कुछ अज्ञात अपराधी स्कॉर्पियो वाहन से नापो खुर्द गांव पहुंचे और रोहित साव पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल रोहित साव की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी तेज रफ्तार से स्कॉर्पियो से भागने लगे। इसी दौरान उनकी गाड़ी की चपेट में प्रदीप कुमार साव नामक एक अन्य व्यक्ति आ गया, जिससे उसकी भी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

स्कॉर्पियो की टक्कर से महेंद्र साव, सागर कुमार और राजू साव सहित कई अन्य लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए हजारीबाग और रांची के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अपराधियों की स्कॉर्पियो पर पुलिस का बोर्ड लगा हुआ था, जिसे घटना के बाद हटा दिया गया। भागने के दौरान स्कॉर्पियो एक बिजली के खंभे से टकराकर अनियंत्रित हो गई और पास के एक घर के समीप पलट गई, लेकिन इसके बावजूद अपराधी मौके से फरार होने में सफल रहे। बताया जाता है कि भागते समय उन्होंने गांव में खड़ी दो गाड़ियों में आग भी लगा दी।

स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक रोहित साव का संबंध कोयला कारोबार से था, जिसके चलते इस घटना को आपसी रंजिश का परिणाम माना जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही बड़कागांव एसडीपीओ पवन कुमार और थाना प्रभारी कृष्ण गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी कृष्ण गुप्ता ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि घटना गुटीय संघर्ष, आपसी रंजिश या किसी अन्य कारण से हुई है। उन्होंने कहा कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

इधर, अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर स्थानीय लोगों ने बड़कागांव चौक पर सड़क जाम कर दिया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने और लोगों को समझाने का प्रयास कर रही है।