mamta

कोलकाता, 10 मार्च । पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के विरोध में चल रहे अपने धरने के पांचवें दिन मंगलवार को एक कागज पर ‘एसआईआर’ और ‘गायब’ लिखकर तथा चित्र बनाकर प्रतीकात्मक रूप से अपना विरोध जताया।

मध्य कोलकाता के मेट्रो चैनल स्थित धरना मंच पर ममता बनर्जी को एक स्टैंड पर रखे हरे रंग के बोर्ड पर रंगों से चित्र बनाते हुए देखा गया। उन्होंने चित्रफलक के ऊपरी हिस्से में ‘एसआईआर’ लिखा और बीच में सफेद रंग से ‘गायब’ शब्द अंकित किया।

इसके बाद उन्होंने कई छोटे-छोटे अनियमित गोल घेरे और एक बड़ा बाहरी आकार बनाया, जो मानचित्र जैसा प्रतीत हो रहा था। बाद में उन्होंने हरे बोर्ड के कुछ हिस्सों पर सफेद रंग भर दिया, जिसे मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जाने के प्रतीक के रूप में देखा गया।

मुख्यमंत्री को यह चित्र बनाते समय देखा गया, जब उसी समय मुख्य चुनाव आयुक्त की ओर से संवाददाताओं के साथ बातचीत की जा रही थी।

ममता बनर्जी छ: मार्च से धरना दे रही हैं। उनका आरोप है कि चुनाव आयोग द्वारा किए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण के कारण राज्य में 2026 के विधानसभा चुनाव से पहले बड़ी संख्या में वास्तविक मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं।

पिछले कुछ दिनों में तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ने कई बार आरोप लगाया है कि चुनाव आयोग भारतीय जनता पार्टी के इशारे पर काम कर रहा है और पश्चिम बंगाल में वैध मतदाताओं को मताधिकार से वंचित करने की कोशिश की जा रही है।