अफवाहों से बचने की अपील

पलामू, 24 मार्च । रामनवमी को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन की ओर से व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। इसी क्रम में प्रशासन न केवल सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ कर रहा है, बल्कि स्थानीय समुदायों के साथ बातचीत कर सहभागिता आधारित माहौल भी विकसित कर रहा है। मंगलवार को डीसी समीरा एस और एसपी रीष्मा रमेशन ने जिले के पड़वा प्रखंड के मझिगांव एवं पाटन प्रखंड के पाल्हेकला गांव का दौरा कर स्थानीय लाेग, जनप्रतिनिधियों तथा दोनों समुदायों के गणमान्य लोगों के साथ बैठक की।

पड़वा के मझिगांव में साउंड सिस्टम के उपयोग को लेकर संभावित मतभेद के मद्देनजर बैठक में सभी पक्षों के बीच आपसी बातचीत के माध्यम से सहमति बनाने पर जोर दिया गया।

उपस्थित लोगों ने यह सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता जतायी कि ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग निर्धारित मानकों और आपसी सहमति के आधार पर किया जाएगा, जिससे किसी भी वर्ग की भावनाओं को ठेस नहीं पहुंचे।

बैठक में रामनवमी जुलूस को निर्धारित रूट के अनुसार निकालने पर सर्वसम्मति बनी। सभी ने यह माना कि पूर्व निर्धारित मार्ग का पालन करने से न केवल व्यवस्था बनी रहती है, बल्कि आम जनजीवन भी प्रभावित नहीं होता।

पाटन के पल्हेकला गांव में भी सभी समुदायों के लोगों के साथ सकारात्मक बातचीत हुई। पिछले वर्ष की घटनाओं से सीख लेते हुए इस वर्ष सभी ने मिलकर शांति, सद्भाव और आपसी सम्मान के साथ पर्व मनाने का संकल्प लिया।

वहीं स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन को आश्वस्त किया कि वे अफवाहों से दूर रहकर एक-दूसरे के सहयोग से त्योहार को सफल बनाएंगे।

उल्लेखनीय है कि इस गांव में पिछले साल रूट को लेकर विवाद हो गया था।

डीसी और एसपी ने सभी लोगों से अपील किया कि वे किसी भी अपुष्ट सूचना या अफवाह पर ध्यान न दें। सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से प्राप्त किसी भी संदिग्ध जानकारी की पुष्टि प्रशासन से अवश्य करें।

बैठक में स्थानीय सीओ, थाना प्रभारी जनप्रतिनिधि और दोनों समुदायों के गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।