पटना, 20 नवंबर। नीतीश कुमार ने गुरुवार को पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में राज्य के मुख्यमंत्री पद की 10वीं बार शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, कई केंद्रीय मंत्री और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी मौजूद रहे। राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने नीतीश कुमार को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके साथ ही बिहार की राजनीति में एक और ऐतिहासिक अध्याय जुड़ गया है। नीतीश कुमार के साथ भाजपा कोटे से सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा ने भी उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली।

युवा और अनुभवी चेहरों का संतुलित मंत्रिमंडल
आज कुल 25 मंत्रियों को शपथ दिलाई गई, जिनमें पहली बार मंत्री बनने वाली दो युवा महिला विधायक—श्रेयसी सिंह (जमुई), रमा निषाद (अराई) ने विशेष रूप से ध्यान आकृष्ट किया।
नीतीश मंत्रिमंडल में शामिल प्रमुख चेहरे
सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, विजय चौधरी, विजय प्रसाद यादव, श्रवण कुमार, मंगल पांडे, डॉ. दिलीप जायसवाल, अशोक चौधरी, लेसी सिंह, मदन साहनी, नितिन नवीन, रामकृपाल यादव, संतोष कुमार सुमन, सुनील कुमार, मोहम्मद जमा खान, संजय सिंह टाइगर, अरुण शंकर प्रसाद, सुरेंद्र मेहता, नारायण प्रसाद, रमा निषाद, लाखेंद्र कुमार रोशन, श्रेयसी सिंह, प्रमोद कुमार, संजय कुमार, संजय कुमार सिंह और दीपक प्रकाश।
मंत्रिमंडल की संरचना में अनुभव और युवाशक्ति का संतुलन, सामाजिक समीकरणों को साधने की कोशिश और सभी प्रमुख वर्गों—दलित, पिछड़ा, अति पिछड़ा, महिलाओं और अल्पसंख्यकों—को प्रतिनिधित्व देने का स्पष्ट संदेश दिखा।
प्रधानमंत्री मोदी की उपस्थिति, मंच पर शक्ति संतुलन का संकेत
शपथ ग्रहण मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केंद्र बिंदु के रूप में बैठे दिखाई दिए। उनकी बाईं ओर नीतीश कुमार बैठे थे, जबकि दाईं ओर भाजपा विधायक दल के नेता सम्राट चौधरी मौजूद थे। नीतीश कुमार के बगल में भाजपा के उपनेता विजय कुमार सिन्हा बैठे थे। बैठने की यह व्यवस्था राजनीतिक समीकरणों और सरकार में भाजपा की निर्णायक भूमिका का संकेत देने वाली मानी जा रही है।
पटना की सड़कों पर एनडीए का प्रदर्शन: झंडों, कटआउट और नारों की छटा
पटना की प्रमुख सड़कों—विशेषकर बेली रोड—पर शपथ ग्रहण दिन सेलिब्रेशन जैसा माहौल रहा। सड़कों के किनारे हम (जितनराम मांझी) का कड़ाही चिन्ह, लोजपा (रामविलास) का हेलीकॉप्टर, रालोमो (उपेंद्र कुशवाहा) का गैस सिलेंडर, जदयू का तीर, भाजपा का कमल और सभी दलों के झंडे एक साथ लहराते दिखे।
नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री मोदी के विशाल कटआउट लोगों के आकर्षण का केंद्र बने रहे। राहगीर रुक-रुक कर सेल्फी लेते दिखाई दिए।
‘गमछा कल्चर’: जोश और सम्मान का प्रतीक
शपथ ग्रहण समारोह में बिहार का पारंपरिक लाल-सफेद गमछा सबसे लोकप्रिय प्रतीक बनकर उभरा। जैसे ही मंच से नेताओं ने हाथ हिलाया, दर्शक दीर्घा में हजारों लोगों ने गमछा लहराकर स्वागत किया।
भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता राजीव तिवारी ने कहा— “गमछा हमारी संस्कृति का प्रतीक है। प्रधानमंत्री मोदी के इसे लहराने के बाद यह सम्मान और उत्साह का प्रतीक बन गया है।” समारोह के दौरान गमछा लहराते समर्थक उत्साह का अनोखा दृश्य पेश कर रहे थे।
मैथिली ठाकुर, मनोज तिवारी और पवन सिंह ने जमाया रंग
शपथ ग्रहण से पहले सांस्कृतिक कार्यक्रम में पद्मश्री मैथिली ठाकुर, भाजपा सांसद व गायक मनोज तिवारी, भोजपुरी स्टार पवन सिंह की प्रस्तुति ने माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। दर्शक दीर्घा में बैठे लोग झूमते-गुनगुनाते नजर आए।
