गंगा मिशन आश्रय स्‍थल 1

कोलकाता/हुगली, 8 मार्च। पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के बाँसबेरिया नगरपालिका के वार्ड नंबर–1 स्थित साहगंज में निराश्रित और बेघर लोगों के लिए बनाए गए नए आश्रय स्थल का रविवार को उद्घाटन किया गया। राज्य सरकार ने इस आश्रय स्थल के संचालन और रख-रखाव की जिम्मेदारी सामाजिक संस्था गंगा मिशन को सौंपी है।

उद्घाटन समारोह में पश्चिम बंगाल प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के चेयरमैन कल्याण रुद्र ने स्मारक पट्टिका का अनावरण किया, जबकि बाँसबेरिया नगरपालिका के चेयरमैन तापस मुखर्जी ने फीता काटकर भवन का औपचारिक उद्घाटन किया। इस अवसर पर गंगा मिशन के प्रमुख प्रह्लाद राय गोयनका सहित नगरपालिका के विभिन्न वार्डों के कई पार्षद और गणमान्य नागरिक भी उपस्थित थे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रह्लाद राय गोयनका ने कहा कि बाँसबेरिया तथा आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले निराश्रित और बेघर लोगों को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह सुविधा विकसित की गई है। उन्होंने कहा कि इस आश्रय स्थल के संचालन से जरूरतमंद लोगों को सम्मानजनक और सुरक्षित वातावरण मिल सकेगा। उन्‍होंने बताया कि वार्ड नंबर–1 में बने इस आश्रय स्थल में कुल 43 लोगों के रहने की व्यवस्था की गई है। यहां रहने वालों के लिए घर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिनमें ठंडा पेयजल, 24 घंटे पानी और बिजली की आपूर्ति, सीसीटीवी कैमरा, सुरक्षा गार्ड तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं शामिल हैं।

उद्घाटन समारोह के बाद अतिथियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत और सम्मान भी किया गया। स्थानीय लोगों ने इस पहल को सामाजिक सेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।