राज्यपाल

रांची, 04 फरवरी । मीडिया समाज का सजग प्रहरी है और इसे लोकतंत्र का ‘चतुर्थ स्तंभ’ कहा जाता है। पत्रकारिता केवल सूचना का माध्यम नहीं, बल्कि जनचेतना को जागृत करने और लोकतांत्रिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने का महत्वपूर्ण आधार है। झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने यह बात बुधवार को रांची प्रेस क्लब की ओर से रातू स्थित जेके इंटरनेशनल क्रिकेट अकादमी में आयोजित मीडिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट–2026 के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कही।

राज्यपाल ने कहा कि मीडिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट जैसे आयोजन केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं होते, बल्कि आपसी सौहार्द, समन्वय और आत्मीयता को प्रगाढ़ करने का सशक्त माध्यम भी होते हैं। उन्होंने कहा कि क्रिकेट हमें धैर्य, रणनीति और सामूहिक प्रयास का महत्व सिखाता है।

राज्यपाल ने बताया कि हाल ही में राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय (एनडीसी) के प्रतिनिधिमंडल के साथ संवाद के दौरान भी झारखंड में खेल प्रतिभाओं की असीम संभावनाओं पर चर्चा हुई थी। उन्होंने कहा कि यदि कम उम्र से ही प्रतिभाओं को प्रोत्साहित किया जाए, तो राज्य राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और भी उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर सकता है।

उन्होंने खेलों के विकास में मीडिया की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि जब मीडिया किसी खिलाड़ी की उपलब्धियों को प्रमुखता देता है, तो वह समाचार हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा बन जाता है और नई प्रतिभाओं को पहचान मिलती है।

राज्यपाल ने पत्रकारों से अपने आत्मीय संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि बरेली जनपद के पत्रकार साथी आज भी उनसे मिलने आते हैं, जो मीडिया और प्रशासन के बीच विश्वासपूर्ण संबंधों का परिचायक है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह टूर्नामेंट मीडिया जगत से जुड़े साथियों के बीच सहयोग, भाईचारे और सकारात्मक संवाद को और मजबूत करेगा। इस अवसर पर उन्होंने हाल ही में संपन्न रांची प्रेस क्लब के चुनाव में निर्वाचित सभी पदाधिकारियों और कार्यकारिणी समिति के सदस्यों को बधाई दी।

समारोह के दौरान राज्यपाल ने खिलाड़ियों से भेंट कर उनका उत्साहवर्धन भी किया। उन्होंने कहा कि मीडिया से जुड़े सभी साथी दिन-रात परिश्रम कर जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से सामने लाने का महत्वपूर्ण दायित्व निभाते हैं।