मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी शिविर ।

770 रोगियों की जांच, 320 को मिलेंगे चश्मे, 70 के होंगे निशुल्‍क मोतियाबिंद ऑपरेशन

ओंकार समाचार

कोलकाता, 14 दिसंबर।  मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी, कोलकाता के तत्वावधान में रविवार को दो स्‍थानों पर  निःशुल्क नेत्र परीक्षण एवं स्वास्थ्य जांच शिविरों का आयोजन किया गया।

एक शिविर मारवाड़ी जन कल्याण समिति के सहयोग से रिषड़ा में तथा दूसरा शिविर नवद्वीप धाम के सहयोग से नवद्वीप भजन आश्रम में लगाया गया।

इन दोनों शिविरों में कुल 770 रोगियों की जांच की गई। रोगियों की ब्‍लडप्रेशर, ब्‍लड शुगर, ईसीजी एवं सामान्य जांचें निशुल्‍क की गई सभी जरूरतमंद रोगियों को मुफ़्त दवाइयां भी वितरित की गईं।

आंखों की जांच के दौरान 320 रोगियों को चश्मे की आवश्यकता पाई गई,इन्‍हें चश्‍मे निशुल्‍क दिए जाएंगे। 70 मरीजों में मोतियाबिंद की पहचान की गई, इनके ऑपरेशन मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी अस्‍पताल कोलकाता में निशुल्‍क किए जाएंगे।

कैंप कोऑर्डिनेटर अजय दिवाकर ने बताया कि मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी के मानद प्रधान सचिव प्रहलाद रॉय गोयनका की प्रेरणा से आयोजित इन शिविरों को सफल बनाने में डॉ. दिनेश सिंह, डॉ. मलय दास, डॉ. सुकांतो राय, डॉ. राजीव सिंह, डॉ. शिव कुमार सिंह, डॉ. एम.के. राय तथा रिजु मोहाली और सनीकरन का योगदान विशेष रूप से सराहनीय रहा।

स्थानीय लोगों ने शिविर की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे स्वास्थ्य और नेत्र जांच कार्यक्रम समाज के जरूरतमंद वर्ग के लिए अत्यंत लाभकारी हैं और इन्हें निरंतर आयोजित किया जाना चाहिए।

मेडिक्लेम बीमा धारकों के इलाज की सुविधा उपलब्‍ध

अजय दिवाकर ने बताया कि मारवाड़ी रिलीफ सोसाइटी में मेडिक्लेम बीमा धारकों के लिए कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्‍ध है। दिवाकर ने बताया कि सोसायटी के अस्‍पताल में आम नागरिकों को न्‍यूनतम शुल्‍क पर बेहतर स्‍वास्‍थ्‍य सेवाएं उपलब्‍ध करवाई जा रही है। यहां जनरल वार्ड में भर्ती होने वाले मरीजों से बैड का एक दिन का किराया मात्र 50 रुपये लिया जाता है।

अस्‍पताल में मौजूद होम्‍योपैथिक चिकित्‍सक मात्र 20 रुपये में परामर्श देते हैं और दवा निशुल्‍क देते हैं। यहां चिकित्‍सक से मात्र 120 रुपये में परामर्श लिया जा सकता है। परामर्श के साथ दवाएं निशुल्‍क उपलब्‍ध कराई जाती है। अस्‍पताल में जेनेरिक दवाएं 60 प्रतिशत डिस्काउंट पर दी जाती

निशुल्‍क सर्वाइकल वैक्‍सीन

सोसायटी ने सर्वाइकल कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से बचाव के लिए 9 से 45 साल तक की महिलाओं को सर्वाइकल वैक्‍सीन निशुल्‍क देने का अभियान शुरू किया है।