
ओंकार समाचार
कोलकाता, 7 दिसंबर। मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी, कोलकाता की ओर से रविवार को पश्चिम बंगाल में चार स्थानों पर नेत्र परीक्षण एवं स्वास्थ्य जांच शिविरों का आयोजन किया गया।
एक शिविर सिंगूर में भारत सेवा संघ के सहयोग से, दूसरा गोमाहवाड़ा में नव दिशा वेलफेयर ट्रस्ट के सहयोग से , तीसरा बारासात में ह्यूमन राइट्स के सहयोग से एवं चौथा शिविर उत्तर 24 परगना के श्यामनगर में तपोसिली आदिवासी संगठन के सहयोग से आयोजित किया गया।
इन शिविरों में कुल 1265 मरीजों का उपचार किया गया। शिविरों में आए सभी मरीजों को नेत्र परीक्षण के साथ-साथ सामान्य स्वास्थ्य जांच, ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर, ईसीजी जैसी सुविधाएं निशुल्क प्रदान की गईं।

नेत्र परीक्षण के दौरान 310 लोगों की नजर कमजोर पाई गई इन्हें चश्मे निशुल्क प्रदान किए गए। 79 मरीजों में मोतियाबिंद की पुष्टि हुई। मोतियाबिंद से प्रभावित सभी मरीजों के ऑपरेशन मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी अस्पताल, कोलकाता में निशुल्क किए जाएंगे।
कैंप कोऑर्डिनेटर अजय दिवाकर ने बताया कि मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी के मानद प्रधान सचिव प्रह्लाद रॉय गोयनका की प्रेरणा से आयोजित इन शिविरों को सफल बनाने में डॉ. कबीर अहमद, डॉ. शमीमा खातून, डॉ. सुकांतो राय, डॉ. दिनेश सिंह, डॉ. शंकर मंडल, डॉ. मलय दास का योगदान सराहनीय रहा।
मेडिक्लेम बीमा धारकों के इलाज की सुविधा उपलब्ध
अजय दिवाकर ने बताया कि मारवाड़ी रिलीफ सोसाइटी में मेडिक्लेम बीमा धारकों के लिए कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध है। दिवाकर ने बताया कि सोसायटी के अस्पताल में आम नागरिकों को न्यूनतम शुल्क पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही है। यहां जनरल वार्ड में भर्ती होने वाले मरीजों से बैड का एक दिन का किराया मात्र 50 रुपये लिया जाता है।
अस्पताल में मौजूद होम्योपैथिक चिकित्सक मात्र 20 रुपये में परामर्श देते हैं और दवा निशुल्क देते हैं। यहां चिकित्सक से मात्र 120 रुपये में परामर्श लिया जा सकता है। परामर्श के साथ दवाएं निशुल्क उपलब्ध कराई जाती है। अस्पताल में जेनेरिक दवाएं 60 प्रतिशत डिस्काउंट पर दी जाती
निशुल्क सर्वाइकल वैक्सीन
सोसायटी ने सर्वाइकल कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से बचाव के लिए 9 से 45 साल तक की महिलाओं को सर्वाइकल वैक्सीन निशुल्क देने का अभियान शुरू किया है।








