
कोलकाता 11 जनवरी। मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी, कोलकाता की ओर से रविवार 11 जनवरी को पश्चिम बंगाल के बेलूर और डोमजूर में निःशुल्क नेत्र परीक्षण एवं स्वास्थ्य जांच शिविरों का आयोजन किया गया। बेलूर में यह शिविर डॉ. निखिल प्रसून फाउंडेशन के सहयोग से तथा डोमजूर में जन औषधि केंद्र के माध्यम से आयोजित किया गया।
दोनों शिविरों में कुल 670 मरीजों की जांच की गई। शिविर में मरीजों के ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर व सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण के साथ-साथ निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया, जिससे बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों को राहत मिली।
नेत्र परीक्षण के दौरान 180 मरीजों को चश्मे की आवश्यकता पाई गई, जबकि 62 मरीजों में मोतियाबिंद की पुष्टि हुई। मोतियाबिंद से पीड़ित सभी मरीजों के निःशुल्क ऑपरेशन कोलकाता स्थित मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी अस्पताल में किए जाएंगे।
कैंप कोऑर्डिनेटर अजय दिवाकर ने बताया कि मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी के मानद प्रधान सचिव श्री प्रह्लाद राय गोयनका की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन में आयोजित इस जनकल्याणकारी कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. दिनेश सिंह, डॉ. शंकर मंडल, डॉ. सुकांतो राय, डॉ. मलय दास एवं डॉ. अनिर्बन धर का सराहनीय योगदान रहा।
दिवाकर ने बताया कि प्रधान सचिव गोयनका जी का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक से अधिक स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर गरीब एवं वंचित तबके के लोगों तक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाना है।
मेडिक्लेम बीमा धारकों के इलाज की सुविधा उपलब्ध
अजय दिवाकर ने बताया कि मारवाड़ी रिलीफ सोसाइटी में मेडिक्लेम बीमा धारकों के लिए कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध है। सोसायटी के अस्पताल में आम नागरिकों को न्यूनतम शुल्क पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। यहां जनरल वार्ड में भर्ती होने वाले मरीजों से बैड का एक दिन का किराया मात्र 50 रुपए लिया जाता है।
अस्पताल में मौजूद होम्योपैथिक चिकित्सक मात्र 20 रुपए में परामर्श देते हैं और दवा नि:शुल्क देते हैं। यहां चिकित्सक से मात्र 120 रुपए में परामर्श लिया जा सकता है। परामर्श के साथ दवाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाती है। अस्पताल में जेनेरिक दवाएं 60 प्रतिशत डिस्काउंट पर दी जाती हैं।
नि:शुल्क सर्वाइकल वैक्सीन
सोसायटी ने सर्वाइकल कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से बचाव के लिए 9 से 45 साल तक की महिलाओं को सर्वाइकल वैक्सीन नि:शुल्क देने का अभियान शुरू किया है।








