कोलकाता, 15 फरवरी 2026। मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी, कोलकाता की ओर से पश्चिम बंगाल में चार स्थानों पर निशुल्क नेत्र परीक्षण एवं स्वास्थ्य जांच शिविरों का आयोजन किया गया।
ये शिविर भारत सेवा संघ के सहयोग से वर्धमान जिले के शिमला गढ़ में, नवदिशा वेलफेयर ट्रस्ट के सहयोग से राजारहाट में, मारवाड़ी युवा मंच के सहयोग से रिषड़ा में तथा रानीहाटी अम्ता के विधायक सुकांतो पाल के सहयोग से अम्ता में आयोजित किए गए।
चारों शिविरों में कुल 1520 मरीजों की जांच की गई। सभी मरीजों की ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर, ईसीजी तथा सामान्य जांचें निशुल्क की गई। मरीजों को आवश्यकता अनुसार दवाइयां निःशुल्क वितरित की गईं।

नेत्र परीक्षण के दौरान 430 मरीजों को चश्मे की आवश्यकता पाई गई, जबकि 108 मरीज मोतियाबिंद से ग्रसित पाए गए। मोतियाबिंद के मरीजों के निःशुल्क ऑपरेशन कोलकाता स्थित मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी अस्पताल में किए जाएंगे।
कैंप कोऑर्डिनेटर अजय दिवाकर ने बताया कि मानद प्रधान सचिव प्रहलाद राय गोयनका की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन में आयोजित इन इन शिविरों को सफल बनाने में डॉ. कबीर अहमद, डॉ. कैफ अहमद, डॉ. शमीमा खातून, डॉ. सुकांतो राय, डॉ. शंकर मंडल, डॉ. राजीव सिंह, डॉ. दिनेश सिंह एवं डॉ. अनिर्बन धर का योगदान सराहनीय रहा।
दिवाकर ने बताया कि प्रधान सचिव गोयनका जी का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक से अधिक स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर गरीब एवं वंचित तबके के लोगों तक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाना है।
मेडिक्लेम बीमा धारकों के इलाज की सुविधा उपलब्ध
अजय दिवाकर ने बताया कि मारवाड़ी रिलीफ सोसाइटी में मेडिक्लेम बीमा धारकों के लिए कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध है। सोसायटी के अस्पताल में आम नागरिकों को न्यूनतम शुल्क पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। यहां जनरल वार्ड में भर्ती होने वाले मरीजों से बैड का एक दिन का किराया मात्र 50 रुपए लिया जाता है।
अस्पताल में मौजूद होम्योपैथिक चिकित्सक मात्र 20 रुपए में परामर्श देते हैं और दवा नि:शुल्क देते हैं। यहां चिकित्सक से मात्र 120 रुपए में परामर्श लिया जा सकता है। परामर्श के साथ दवाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाती है। अस्पताल में जेनेरिक दवाएं 60 प्रतिशत डिस्काउंट पर दी जाती हैं।
नि:शुल्क सर्वाइकल वैक्सीन
सोसायटी ने सर्वाइकल कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से बचाव के लिए 9 से 45 साल तक की महिलाओं को सर्वाइकल वैक्सीन नि:शुल्क देने का अभियान शुरू किया है।
