शव बरामद

सरायकेला, 15 फरवरी । सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर रेलवे यार्ड के समीप नाले से रविवार को एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। शव मिलने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई और क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।

स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक की पहचान सीता बस्ती निवासी मंगल लोहार (50-60 वर्ष) के रूप में की गई है। वह विवाहित था और पांच बेटियों का पिता था। परिजनों और पड़ोसियों ने बताया कि मंगल लोहार दिहाड़ी मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। हालांकि, उसे शराब पीने की लत थी, जिसके कारण उसके पारिवारिक और सामाजिक जीवन में अक्सर परेशानियां बनी रहती थीं।

मोहल्ले के लोगों ने बताया कि मंगल लोहार पिछले पांच-छह दिनों से लापता था। परिवार के सदस्य लगातार उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था। रविवार को रेलवे यार्ड के पास दीवार से सटे नाले में एक शव पड़े होने की सूचना मिलने पर लोग वहां पहुंचे और कपड़ों व शारीरिक बनावट के आधार पर उसकी पहचान की गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शव नाले के पानी में आंशिक रूप से डूबा हुआ था और उससे दुर्गंध आने लगी थी, जिससे आशंका जताई जा रही है कि मौत दो से तीन दिन पहले ही हो चुकी थी। हालांकि, मौत के कारणों का अब तक खुलासा नहीं हो सका है। कुछ लोग इसे दुर्घटना मान रहे हैं, जबकि अन्य लोग संदिग्ध परिस्थितियों की आशंका भी जता रहे हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट रूप से पता चल सकेगा।