awdd

कूचबिहार, 25 जनवरी । कूचबिहार के मेखलीगंज इलाके में शनिवार को एक नाबालिग के साथ कथित दुष्कर्म की घटना को लेकर तनाव का माहौल बना रहा। जामालदह में नदी किनारे हुई इस घटना के बाद इलाके में जमकर विरोध प्रदर्शन हुआ, जिसके दौरान हिंसा भी भड़की।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, आरोपित ने नाबालिग को नदी किनारे घास लाने के बहाने बुलाया था। लेकिन वहां उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया। आरोपित की धमकियों के डर से पीड़ित परिवार कई दिनों तक थाने नहीं गया। शनिवार शाम को स्थानीय लोगों ने पीड़िता और उसके परिवार को जामालदह चौकी ले जाकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद मेखलीगंज थाने की पुलिस ने रात 60 वर्षीय आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।

इस घटना के विरोध में प्रदर्शनकारियों ने शनिवार शाम जामालदह में टायर जलाकर राज्य सड़क को जाम कर दिया। लंबे समय तक यातायात ठप रहा। जब पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने की कोशिश की तो स्थिति तनावपूर्ण हो गई। भीड़ ने पथराव शुरू कर दिया, जिसमें थाना प्रभारी मोहम्मद शाहबाज घायल हो गए।

हालात नियंत्रण से बाहर होने पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया और कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया। फिलहाल इलाके में सन्नाटा है और पुलिस गश्त जारी है।