
पलामू, 30 जनवरी । नगर निकाय चुनाव को लेकर अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान में मेदिनीनगर सदर पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर फोरलेन बहलोलवा में एक पिकअप सवारी गाड़ी से 150 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है।
शराब की कीमत 15 लाख रुपए बताई गई है। शराब को तस्करी कर बिहार भेजा जा रहा था। इस सिलसिले में रांची के दो तस्करों को गिरफ्तार भी किया गया है।
मेदिनीनगर सदर डीएसपी राजीव रंजन ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शुक्रवार को पत्रकारों को बताया कि गश्ती दल को गुप्त सूचना मिली थी कि अवैध शराब की तस्करी की जा रही है। तत्काल कार्रवाई करते हुए संदेह के आधार पर फोरलेन बहलोलवा में एक पिकअप सवारी गाड़ी को रोका गया और चालक सहित अन्य से पूछताछ की गई तो बताया गया कि गाड़ी में पानी की पेटी है। कागजात भी दिखाया गया, लेकिन संदेह होने के बाद सर्च करने पर गाड़ी से 150 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
डीएसपी ने बताया कि इस सिलसिले में रांची ओरमांझी के बारीडीह के सरोज प्रजापति (32) और चान्हो थाना क्षेत्र के पचंबा पंडरी के सुरेंद्र महतो (41) को गिरफ्तार किया गया है। इस संबंध में मामला दर्ज कर दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
कार्रवाई टीम में सदर थाना प्रभारी लाल दल बल के साथ शामिल थे।






