कोडरमा

कोडरमा, 25 फ़रवरी । जिले में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक व्यक्ति की मौत हो गयी जबकि दो युवक घायल हो गए। तिलैया थाना अंतर्गत रिलायंस पेट्रोल पंप के समीप मंगलवार की रात सड़क पार कर रहे एक व्यक्ति को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, इससे व्यक्ति की घटनास्थल पर ही माैत हाे गयी।

मृतक की पहचान झुमरीतिलैया के ताराटांड़ निवासी मंटू राउत (52) के रूप में की गई है। जानकारी देते हुए मृतक के पुत्र संतोष राउत ने बुधवार काे बताया कि वे अपने पिता के साथ रिलायंस पेट्रोल पंप के समीप  होटल चलाते हैं,  रात  में वे होटल से घर जाने के लिए निकले। उन्होंने बताया कि उनका घर होटल के ठीक विपरीत दिशा में स्थित है। इसलिए उनके पिता नित्य सड़क (एन एच 20) पार कर जाते थे। गत रात भी वे उक्त मार्ग को पैदल पार कर रहे थे। इसी दौरान कोडरमा की ओर से आ रहे एक तेज़ रफ़्तार वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। आवाज़ सुनकर हमलोग भागकर घटनास्थल पर पहुंचे। जहां देखा कि उनकी मौत हो चुकी है। घटना की जानकारी मिलते ही तिलैया थाना की पेट्रोलिंग वाहन घटनास्थल पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल कोडरमा पहुंचाया। थाना प्रभारी ने बताया कि पूरे मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।

अज्ञात वाहन के चपेट में आने से बाइक सवार दो युवक घायल

वहीं एक अन्य सड़क हादसे में दो युवक घायल हो गए। जिले के जयनगर थाना क्षेत्र के परसाबाद निवासी कैलाश यादव (25) और महेश यादव (26) मंगलवार की देर रात एक बाइक पर सवार होकर मरकच्चो की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान तेतरोन के समीप एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिसमें बाइक सवार दोनों युवक घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों की सहायता से इलाज के लिए सदर अस्पताल कोडरमा पहुंचाया गया