कोडरमा में दो सड़क हादसे,

रांची/पूर्वी सिंहभूम/कोडरमा/खूंटी, 21 मार्च। झारखंड के विभिन्न जिलों में बीते 24 घंटों के दौरान हुए सड़क हादसों की श्रृंखला ने राज्य में सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अलग-अलग स्थानों पर हुई इन घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि सात से अधिक लोग घायल हुए हैं। इसके अलावा एक दुर्घटना में कई दुकानों को भारी नुकसान पहुंचा। इन घटनाओं ने जहां कई परिवारों की खुशियां छीन लीं, वहीं स्थानीय स्तर पर भय और असुरक्षा का माहौल भी पैदा कर दिया है।

 बहारागोड़ा में दर्दनाक हादसा: 31 वर्षीय युवक की मौत

पूर्वी सिंहभूम जिले के बहारागोड़ा थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में 31 वर्षीय दीपक पैड़ा की जान चली गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दीपक पैड़ा अपने गांव कोकमारा के पास निशि होटल के समीप सड़क किनारे अपनी बाइक के साथ खड़े थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वे गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा। स्थानीय लोगों ने तुरंत मानवता का परिचय देते हुए उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें ओडिशा के पीआरएम मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

हालांकि, चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

इस घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक अपने पीछे पत्नी और छह वर्षीय मासूम बच्चे को छोड़ गए हैं, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

 कोडरमा में दो हादसे: मासूम की मौत, कई घायल

कोडरमा जिले में शनिवार को दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। नवलशाही थाना क्षेत्र के पहाड़पुर के समीप कोडरमा-जमुआ मार्ग पर एक एंबुलेंस दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

जानकारी के अनुसार, घोड़थंबा निवासी विनोद पांडेय अपनी डेढ़ वर्षीय भतीजी आयुषी कुमारी को इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे। रास्ते में सामने से आ रही तेज रफ्तार हाईवा ने एंबुलेंस को चकमा दिया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

हादसे में एंबुलेंस सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान मासूम आयुषी की मौत हो गई। अन्य घायलों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया है। घायलों में एम्बुलेंस चालक चंदन कुमार पाण्डेय (26, पिता-शंभू नाथ पाण्डेय), प्रमिला देवी (35, पति-गौरी पाण्डेय), विनोद पाण्डेय (38, पिता-सीताराम पाण्डेय) तथा महेश पाण्डेय (40 वर्ष) के नाम शामिल हैं।

 कारों की आमने-सामने टक्कर

कोडरमा थाना क्षेत्र के जमसोती नाला के पास दो कारों की जोरदार टक्कर हो गई। दोनों वाहनों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए । एयरबैग खुलने से जनहानि नहीं हुई।  दुर्घटना में घायल लोगों की पहचान अखिलेश सिंह (पिता-जवाहर सिंह, निवासी जमशेदपुर), आशुतोष रंजन (पिता-डीके सहाय, निवासी रांची) और रोहित किशोर (पिता ब्रजकिशोर, निवासी पटना) के रूप में की गई है।

खूंटी में बड़ा हादसा टला, दुकानों को भारी नुकसान

खूंटी-चाईबासा राष्ट्रीय राजमार्ग पर मुरहू चौक के पास शुक्रवार देर रात एक अनियंत्रित ट्रेलर ने सड़क किनारे स्थित पांच दुकानों को टक्कर मार दी।

खूंटी- चाईबासा राष्ट्रीय राजमार्ग पर मुरहू चौक के पास शुक्रवार की देर रात एक अनियंत्रित ट्रेलर ने सड़क किनारे स्थित पांच दुकानों को टक्कर मार दी, जिससे भारी नुकसान हुआ। हालांकि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन दुकानदारों को काफी आर्थिक क्षति उठानी पड़ी।

घटना में राजेश चौधरी, राजू सोमनानी, निखिल चौधरी, महेश चौधरी तथा उप प्रमुख अरुण साहू की दुकानों को नुकसान पहुंचा है। इनमें सबसे अधिक क्षति निखिल चौधरी की दुकान को हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर लोहे का स्क्रैप लेकर चाईबासा की ओर जा रहा था। चालक वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर पास की दुकान में सामान लेने चला गया। इसी दौरान ट्रेलर अचानक ढलान पर लुढ़क गया और सड़क किनारे स्थित दुकानों से जा टकराया, जिससे कई दुकानें क्षतिग्रस्त हो गईं।

घटना के समय तेज बारिश हो रही थी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।

घटना की सूचना मिलते ही पूर्व विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा के प्रतिनिधि सह पूर्व जिला अध्यक्ष काशीनाथ महतो मौके पर पहुंचे और प्रभावित दुकानदारों से मिलकर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान खूंटी चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष प्रियांक भगत, भाजपा के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष सुरेश जसवाल, संजय, सूरजमाल साहू एवं लक्ष्मी साहू सहित कई लोग उपस्थित थे।

सड़क हादसे में घायल महिला की इलाज के दौरान मौत

पूर्वी सिंहभूम। जिले के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत गम्हरिया चौक के पास एनएच-49 पर शुक्रवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियों को गहरे मातम में बदल दिया। इस हादसे में गंभीर रूप से घायल काठुलिया कैमी निवासी चिंतामणि नायेक (चित्रा) का ओडिशा में शनिवार को इलाज के दौरान निधन हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार, चिंतामणि नायक अपने बड़े बेटे स्वपन नायक के साथ बाइक से ओडिशा जा रही थीं। घर में छोटे बेटे की शादी की बातचीत चल रही थी और उसी सिलसिले में वे लड़की देखने जा रहे थे। परिवार में खुशी का माहौल था, लेकिन रास्ते में ही यह सफर दर्दनाक हादसे में बदल गया।

बताया जाता है कि जैसे ही उनकी बाइक गम्हरिया चौक के समीप पहुंची, तभी तेज रफ्तार से आ रही एक मारुति बलेनो कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि चिंतामणि नायक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि उनका बेटा भी हादसे से स्तब्ध रह गया।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें बेहतर इलाज के लिए ओडिशा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी जान बचाने की भरसक कोशिश की। हालांकि उनकी चोटें बेहद गंभीर थीं और इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।