पूर्वी सिंहभूम, 28 मार्च । रामनवमी विसर्जन जुलूस को लेकर शनिवार को पूरा शहर हाई अलर्ट पर है। प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। मानगो, कदमा, परसुडीह, टेल्को और धातकीडीह को संवेदनशील घोषित करते हुए इन इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। शहरभर में 1650 पुलिसकर्मियों और 313 दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है, जबकि 340 सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के जरिए हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।
शुक्रवार को साकची, काशीडीह और शीतला मंदिर समेत कई इलाकों में पुलिस ने फ्लैग मार्च निकालकर लोगों में सुरक्षा का भरोसा जगाया। दंगा नियंत्रण बल और जगुआर टीम के जवानों ने संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल गश्त कर हालात का जायजा लिया। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि किसी भी तरह की हुड़दंग, स्टंटबाजी या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बिना नंबर प्लेट की बाइक से स्टंट करने वालों को चिन्हित कर कार्रवाई की तैयारी है।
शहर के 168 अखाड़ा जुलूसों की निगरानी के लिए 48 विशेष मॉनिटरिंग टीमें तैनात की गई हैं। प्रमुख मार्गों जैसे साकची, कदमा और गोलमुरी में वीडियो रिकॉर्डिंग की विशेष व्यवस्था की गई है। सोशल मीडिया पर भी पुलिस की पैनी नजर है और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सीधे केस दर्ज करने की चेतावनी दी गई है।
दो वर्ष पूर्व हुई अप्रिय घटना को देखते हुए कदमा के शास्त्रीनगर इलाके को सुरक्षा के लिहाज से किले में तब्दील कर दिया गया है। यहां 18 अस्थायी सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और बिजली बाधित होने की स्थिति में जुलूस प्रभावित न हो, इसके लिए छह प्रमुख स्थानों पर हाई क्षमता वाले जेनरेटर की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा साकची गोलचक्कर, महाराणा प्रताप चौक, सुवर्णरेखा घाट और कदमा रंकिणी मंदिर के पास वॉच टावर बनाए गए हैं, जहां से लगातार निगरानी की जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग भी पूरी तरह अलर्ट मोड में है। शहर के 18 स्थानों पर एंबुलेंस और मेडिकल टीमों को तैनात किया गया है। सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने सभी डॉक्टरों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं और आवश्यक स्थिति में 30 मिनट के भीतर अस्पताल पहुंचने का निर्देश दिया गया है।
सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने शनिवार को बताया कि शांतिपूर्ण और सुरक्षित विसर्जन सुनिश्चित करने के लिए हर जरूरी कदम उठाए गए हैं। उन्होंने साफ किया कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के साथ सख्ती से निपटा जाएगा।
