d

कोलकाता, 16 सितंबर ।

पश्चिम बंगाल में बड़े औद्योगिक निवेश को लेकर चर्चा के बीच भाजपा की प्रदेश महासचिव लॉकेट चटर्जी ने बुधवार को अपने सोशल मीडिया हैंडल पर उद्योगपति और आरपी-संजिव गोयनका समूह के चेयरमैन संजीव गोयनका का एक वीडियो साझा किया है। वीडियो में गोयनका पश्चिम बंगाल में बड़े निवेश की योजना और निकट भविष्य में परियोजना को आगे बढ़ाए जाने की बात करते नजर आ रहे हैं।गोयनका ने पश्चिम बंगाल में करीब 25 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव का उल्लेख किया है। लॉकेट चटर्जी ने इसे बंगाल में निवेश और औद्योगिक विकास के संदर्भ में साझा करते हुए ‘पहले और अब’ की तुलना का राजनीतिक संदेश दिया है।

गोयनका ने बताया कि राज्य में वितरण कारोबार को मजबूत करने के लिए अब तक मुख्य रूप से वितरण नेटवर्क के आधुनिकीकरण, मीटरिंग व्यवस्था और अन्य कार्यों पर हर साल करीब 100 करोड़ रुपये का निवेश किया जाता रहा है। उनके मुताबिक, अब करीब 25 हजार करोड़ रुपये के बड़े निवेश का प्रस्ताव राज्य सरकार के समक्ष रखा गया है और इसे सरकार की मंजूरी भी मिल चुकी है।

गोयनका ने यह भी संकेत दिया है कि इस निवेश से जुड़ी परियोजना का शिलान्यास दुर्गापूजा से पहले किया जा सकता है। उन्होंने निवेश प्रस्ताव के तेजी से आगे बढ़ने पर आश्चर्य जताते हुए कहा कि अपने पूरे कार्यजीवन में उन्होंने इस तरह के प्रस्ताव को इतनी तेजी से आगे बढ़ते हुए देखने की कल्पना नहीं की थी। उनके अनुसार, सामान्य तौर पर इतने बड़े निवेश प्रस्ताव को तैयार करने में ही कई वर्ष लग जाते हैं।

पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजा के पहले पांच हजार मेगावाट-घंटे क्षमता वाली बैटरी ऊर्जा भंडारण परियोजना का शिलान्यास होने जा रहा है। गोयनका समूह की ओर से इससे पहले ऊर्जा क्षेत्र में एक बड़ी बैटरी ऊर्जा भंडारण परियोजना की घोषणा की जा चुकी है।

दिसंबर 2025 में संजीव गोयनका ने 5,000 मेगावाट-घंटे क्षमता वाली बैटरी ऊर्जा भंडारण परियोजना के लिए करीब 12 हजार करोड़ रुपये के निवेश की घोषणा की थी। परियोजना का उद्देश्य बिजली की मांग के अनुसार ऊर्जा का भंडारण करना और कोलकाता की बिजली आपूर्ति में नवीकरणीय ऊर्जा की हिस्सेदारी बढ़ाना है। गोयनका के अनुसार, परियोजना के पूरा होने के बाद कोलकाता की बिजली जरूरतों का कम से कम 50 प्रतिशत हिस्सा नवीकरणीय ऊर्जा से पूरा करने में मदद मिल सकती है।

गोयनका समूह ने दिसंबर 2025 में ऊर्जा, शिक्षा और स्वास्थ्य सहित विभिन्न क्षेत्रों में कुल 15,800 करोड़ रुपये के प्रस्तावित पूंजीगत निवेश की जानकारी दी थी। इसमें सबसे बड़ा हिस्सा 5,000 मेगावाट-घंटे की ऊर्जा भंडारण परियोजना का था, जिस पर करीब 12 हजार करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान बताया गया था। समूह की ओर से इस परियोजना के लिए जमीन को लेकर आवेदन किए जाने की जानकारी भी सामने आई थी।

आरपी-संजीव गोयनका समूह ने बंगाल में ऊर्जा के अलावा शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में भी निवेश की योजनाएं सार्वजनिक की हैं। समूह ने शिक्षा क्षेत्र में अपनी क्षमता बढ़ाने के लिए करीब 500 करोड़ रुपये तथा स्वास्थ्य क्षेत्र में विस्तार के लिए निवेश की योजना का उल्लेख किया था। प्रस्तावित निवेश में एक बड़े अस्पताल की योजना भी शामिल है।

—————